हरियाणवी लोक गायन जगत के प्रसिद्ध रागनी कलाकार पेप्सी शर्मा का 38 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। परिवार के अनुसार उन्हें अचानक सीने में दर्द की शिकायत हुई, जिसके बाद उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक उनका निधन हार्ट अटैक के कारण हुआ है।
पेप्सी शर्मा का वास्तविक नाम यशपाल शर्मा था, लेकिन उन्होंने अपने स्टेज नाम ‘पेप्सी शर्मा’ से हरियाणा, उत्तर प्रदेश और दिल्ली-एनसीआर में बड़ी पहचान बनाई थी। गाजियाबाद के पटला गांव निवासी पेप्सी शर्मा अपनी रागनी, हास्य शैली और शानदार मंचीय प्रस्तुतियों के लिए जाने जाते थे। उनके निधन पर राष्ट्रीय लोक दल ने भी शोक व्यक्त किया। पार्टी ने सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि देते हुए लिखा कि अपनी रागनी के माध्यम से लोगों के दिलों में खास जगह बनाने वाले पेप्सी शर्मा का निधन बेहद दुखद है। पार्टी ने उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
पेप्सी शर्मा रागनी प्रतियोगिताओं का एक लोकप्रिय चेहरा थे। खासकर हरियाणा की गौशालाओं में आयोजित होने वाले रागनी कार्यक्रमों में उनकी प्रस्तुतियों का दर्शक बेसब्री से इंतजार करते थे। गायकी के साथ-साथ उनकी कॉमिक टाइमिंग, अनोखा डांस स्टाइल और दर्शकों से जुड़ने की कला ने उन्हें अलग पहचान दिलाई।
उन्होंने कई मंचों पर प्रसिद्ध हरियाणवी कलाकार सपना चौधरी के साथ भी प्रस्तुति दी थी। उनका नागिन डांस एक्ट काफी चर्चित रहा, जिसके वीडियो को सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर करोड़ों बार देखा गया। उन्होंने कई बड़े आयोजनों में भी अपनी प्रस्तुति से दर्शकों का दिल जीता। पेप्सी शर्मा अपने पीछे पत्नी, 10 वर्षीय बेटी और 7 वर्षीय बेटे सहित पूरे परिवार को छोड़ गए हैं। उनके असमय निधन से हरियाणवी मनोरंजन जगत में शोक की लहर है और उनके प्रशंसकों के बीच गहरा दुख व्याप्त है।