स्टैंड-अप कॉमेडियन समय रैना एक बार फिर अपने चर्चित शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ के दूसरे सीजन के साथ दर्शकों के बीच लौटने की तैयारी कर रहे हैं। पिछले साल यह शो विवादों के चलते सुर्खियों में रहा था, लेकिन अब इसके नए सीजन को लेकर उत्साह बढ़ता नजर आ रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस बार शो यूट्यूब के बजाय ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो सकता है।
नेटफ्लिक्स इंडिया ने बुधवार को इंस्टाग्राम पर एक दिलचस्प पोस्ट साझा कर शो के दूसरे सीजन की ओर इशारा किया। पोस्ट में ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ में नजर आने वाले बॉडीगार्ड की तस्वीर शेयर की गई, जिसके कैप्शन में लिखा गया, “कमेंट में नींबू-मिर्च ड्रॉप करें, हमें इसकी जरूरत पड़ने वाली है।” इस पोस्ट ने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी और लाखों लोगों ने इसे पसंद किया।
पोस्ट पर यूट्यूबर आशीष चंचलानी, लेखक हर्ष लिंबाचिया, रैपर रफ्तार, बशीर अली और कॉमेडियन राजीव ठाकुर समेत कई हस्तियों ने प्रतिक्रिया दी। इंस्टाग्राम पर पोस्ट को कुछ ही घंटों में 6 लाख से अधिक लाइक्स और 29 हजार से ज्यादा कमेंट्स मिले। शो के नेटफ्लिक्स पर आने की संभावनाओं के बीच सोशल मीडिया पर यह चर्चा भी शुरू हो गई है कि क्या समय रैना का शो अब ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शर्मा शो’ को चुनौती देगा। दोनों शो कॉमेडी आधारित हैं और यदि ‘इंडियाज गॉट लेटेंट 2’ नेटफ्लिक्स पर आता है, तो दर्शकों के लिए यह एक दिलचस्प मुकाबला हो सकता है।
हाल ही में समय रैना, कपिल शर्मा के शो में भी नजर आए थे। इस दौरान उनके साथ पॉडकास्टर रणवीर अल्लाहबादिया भी मौजूद थे। समय रैना ने अपने स्टैंड-अप स्पेशल ‘स्टिल अलाइव’ के दौरान ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ के दूसरे सीजन की आधिकारिक घोषणा की थी। हालांकि, शो की रिलीज डेट और स्ट्रीमिंग शेड्यूल को लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
गौरतलब है कि ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ विवादों में तब घिर गया था, जब शो के एक एपिसोड में रणवीर अल्लाहबादिया की एक टिप्पणी को लेकर सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली थी। विवाद बढ़ने के बाद शो से जुड़े लोगों के खिलाफ कई एफआईआर दर्ज हुईं और समय रैना ने अपने चैनल से शो के सभी एपिसोड हटा दिए थे। अब करीब एक साल बाद शो की वापसी की खबरों ने प्रशंसकों के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है।