भारत और अफगानिस्तान के बीच खेली जा रही तीन मैचों की वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले में टीम इंडिया के बल्लेबाजों ने इकाना क्रिकेट स्टेडियम, लखनऊ में रनों का अंबार लगा दिया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 49.5 ओवर में 401 रन बनाए। इस विशाल स्कोर में कप्तान शुभमन गिल और ईशान किशन की शतकीय पारियों ने अहम भूमिका निभाई।
दोनों बल्लेबाजों ने अफगान गेंदबाजों की जमकर खबर ली और रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज करा लिया। शुभमन गिल ने 77 गेंदों में शतक पूरा किया, जबकि ईशान किशन ने सिर्फ 71 गेंदों में अपने वनडे करियर का तीसरा शतक जड़ दिया। वनडे क्रिकेट के इतिहास में यह पहली बार हुआ है जब किसी एक मैच में दो भारतीय बल्लेबाजों ने 80 या उससे कम गेंदों में शतक लगाया हो। वहीं, वनडे इतिहास में कुल मिलाकर यह सिर्फ आठवीं घटना है।
गिल और ईशान के बीच तीसरे विकेट के लिए 140 गेंदों में 224 रनों की शानदार साझेदारी हुई। यह अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे क्रिकेट में किसी भी विकेट के लिए संयुक्त रूप से दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी है। भारत की ओर से वनडे में तीसरे विकेट के लिए यह चौथी सबसे बड़ी साझेदारी भी बन गई।
अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे में सबसे बड़ी साझेदारियां
डेविड वॉर्नर और स्टीव स्मिथ (ऑस्ट्रेलिया) – 260 रन, पर्थ 2015
हेमिल्टन मसाकाद्जा और सिकंदर रजा (जिम्बाब्वे) – 224 रन, बुलवायो 2014
शुभमन गिल और ईशान किशन (भारत) – 224 रन, लखनऊ 2026