बिहार की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) प्रमुख लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव ने पटना के सचिवालय थाना में आठ लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में उन्होंने आकाश यादव, अनुष्का यादव और उनके परिवार के अन्य सदस्यों समेत कुल आठ लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। तेज प्रताप यादव का आरोप है कि नामजद लोग उनके खिलाफ साजिश रच रहे हैं और उनकी हत्या करवाने की योजना बना रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि पिछले कुछ समय से उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने की लगातार कोशिश की जा रही है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद घर में घुसने की कोशिश का आरोप
तेज प्रताप यादव ने बताया कि शुक्रवार शाम उन्होंने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को लेकर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। उनका कहना है कि कार्यक्रम समाप्त होने के बाद चार लोगों ने उनके आवास में घुसने का प्रयास किया। इसी घटना के बाद उन्होंने पुलिस को लिखित शिकायत देकर पूरे मामले की जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि शिकायत में उन सभी लोगों के नाम शामिल किए गए हैं, जिन पर उन्हें संदेह है।
‘आकाश यादव मेरी हत्या करवाना चाहता है’
तेज प्रताप यादव ने आकाश यादव पर सीधे आरोप लगाते हुए कहा कि वह उनकी हत्या करवाना चाहता है। उन्होंने दावा किया कि कुछ राजनीतिक विरोधियों के साथ मिलकर उनके खिलाफ साजिश रची जा रही है और उन्हें जान से मारने की धमकियां भी मिली हैं। उन्होंने मामले को बेहद गंभीर बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
मुख्यमंत्री से भी करेंगे जांच की मांग
तेज प्रताप यादव ने कहा कि उन्हें अपने खिलाफ बड़ी साजिश होने की आशंका है। उन्होंने राज्य सरकार से अपनी सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। साथ ही कहा कि वह इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए बिहार सरकार और मुख्यमंत्री से भी हस्तक्षेप की मांग करेंगे।
पुलिस ने शुरू की जांच
सचिवालय थाना पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आवेदन में लगाए गए आरोपों और उपलब्ध तथ्यों की जांच की जाएगी। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। तेज प्रताप यादव की शिकायत सामने आने के बाद बिहार की सियासत में इस मामले को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं और अब सभी की नजर पुलिस जांच पर टिकी है।