लखनऊ में आग लगने की घटनाओं का सिलसिला थमता नजर नहीं आ रहा है। राजधानी के ठाकुरगंज थाना क्षेत्र स्थित कैम्पवेल रोड पर सोमवार को इरम स्कूल में अचानक आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। यह घटना ऐसे समय हुई जब एक दिन पहले ही अलीगंज स्थित एक कोचिंग संस्थान में भीषण अग्निकांड में 15 लोगों की जान चली गई थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इरम स्कूल की इमारत से धुआं और आग की लपटें उठती देख स्थानीय लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
गनीमत रही कि आग लगने के समय स्कूल की बिल्डिंग खाली थी, इसलिए किसी के हताहत होने या घायल होने की सूचना नहीं है। हालांकि आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।
गौरतलब है कि 22 जून को लखनऊ के अलीगंज स्थित एक कोचिंग संस्थान में भीषण आग लगने से 15 लोगों की मौत हो गई थी। इस दर्दनाक हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा शोक व्यक्त किया था। मुख्यमंत्री स्वयं घटनास्थल और अस्पताल पहुंचे थे तथा घायलों का हालचाल जाना था।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर हादसे की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। टीम को सात दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा था कि इस हृदयविदारक दुर्घटना में जान गंवाने वालों के परिजनों को तत्काल 5-5 लाख रुपये तथा गंभीर रूप से घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने घायलों के समुचित उपचार और पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए थे।