लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में साइबर ठगों ने एक सेवानिवृत्त रेलकर्मी को निशाना बनाते हुए उनके दो बैंक खातों से कुल 1,02,699 रुपये की ठगी कर ली। जालसाजों ने पीड़ित का मोबाइल नंबर हैक कर इस वारदात को अंजाम दिया। जानकारी के अनुसार, ए-4/600एच, सुशांत गोल्फ सिटी निवासी 72 वर्षीय राकेश प्रकाश गुप्ता रेलवे से सेवानिवृत्त हैं और पेंशन पर निर्भर हैं। उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बीती 30 मार्च को दोपहर 12:20 बजे से 12:50 बजे के बीच उनके मोबाइल नंबर को हैक कर लिया गया।
मोबाइल हैक होने के बाद ठगों ने उनके दोनों बैंक खातों से अलग-अलग ट्रांजैक्शन के जरिए 1,02,699 रुपये निकाल लिए। खाते से पैसे कटने का मैसेज मिलते ही पीड़ित ने तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलने के बाद सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस साइबर ठगों की पहचान करने और ठगी गई रकम की रिकवरी के प्रयास में जुटी हुई है।