बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने आखिरकार पटना स्थित 10 सर्कुलर रोड का सरकारी बंगला खाली कर दिया है। पिछले करीब दो दशकों से यह बंगला लालू प्रसाद यादव परिवार का प्रमुख राजनीतिक और पारिवारिक आवास रहा है। हालांकि, विभागीय प्रक्रिया अभी पूरी नहीं हुई है और भवन निर्माण विभाग को औपचारिक रूप से इसका पूर्ण कब्जा मिलना बाकी है।
जानकारी के मुताबिक, बंगले में अभी भी कुछ वाहन और घरेलू सामान मौजूद हैं। विभागीय औपचारिकताएं पूरी होने के बाद आवास को पूरी तरह बिहार सरकार के भवन निर्माण विभाग के हवाले कर दिया जाएगा। रिपोर्ट्स के अनुसार, लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी का परिवार अब पटना के कौटिल्य नगर स्थित अपने नए आवास में शिफ्ट हो चुका है। पिछले कई दिनों से सामान स्थानांतरित करने की प्रक्रिया जारी थी, जो अब लगभग पूरी हो चुकी है।
राबड़ी देवी को यह सरकारी आवास वर्ष 2006 में आवंटित किया गया था, जब वह बिहार विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष बनी थीं। इसके बाद करीब 20 वर्षों तक यह बंगला बिहार की राजनीति का अहम केंद्र बना रहा। इसी आवास से राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की कई महत्वपूर्ण रणनीतियां बनीं और पार्टी के कई बड़े राजनीतिक फैसले लिए गए। तेजस्वी यादव के उपमुख्यमंत्री बनने सहित कई महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाओं का यह बंगला गवाह रहा है।
हाल ही में बिहार सरकार ने 10 सर्कुलर रोड स्थित इस सरकारी आवास को राज्य के पशु एवं मत्स्य संसाधन मंत्री नंद किशोर राम के नाम आवंटित किया था। भवन निर्माण विभाग ने 27 मई को आवंटन आदेश जारी किया था। इसके बाद राबड़ी देवी और उनके परिवार को बंगला खाली करने के लिए चार नोटिस भी जारी किए गए थे। अब बंगला खाली किए जाने के बाद उम्मीद है कि विभागीय प्रक्रिया पूरी होने पर सरकार औपचारिक रूप से इसका कब्जा नए आवंटी मंत्री नंद किशोर राम को सौंप देगी।