कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ जिले में गुरुवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। ट्रक और क्रूजर वाहन के बीच हुई आमने-सामने की टक्कर इतनी भीषण थी कि क्रूजर के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक और अफरा-तफरी का माहौल है।
अराबैल घाट पर हुआ हादसा
यह दुर्घटना उत्तर कन्नड़ जिले के येल्लापुर तालुका स्थित अराबैल घाट के बालगर क्षेत्र में हुई। पुलिस के मुताबिक, धारवाड़ से अंकोला की ओर जा रही एक क्रूजर गाड़ी में कुल नौ लोग सवार थे। सभी बुधवार रात धर्मस्थला और चिकमगलूर की यात्रा पर निकले थे। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक (KA 22 AA 1008) से वाहन की जोरदार भिड़ंत हो गई।
मौके पर 6 लोगों की मौत
टक्कर इतनी भीषण थी कि छह लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए येल्लापुर सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है।
स्विगी में पार्ट-टाइम डिलीवरी का करते थे काम
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे का शिकार हुए सभी लोग ऑनलाइन फूड डिलीवरी कंपनी Swiggy में पार्ट-टाइम डिलीवरी बॉय के रूप में कार्यरत थे। वे निजी यात्रा पर निकले थे, लेकिन रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया। येल्लापुर पुलिस स्टेशन में मामले को दर्ज कर लिया गया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ।