कोलकाता: तृणमूल कांग्रेस (TMC) प्रमुख ममता बनर्जी ने राज्यसभा सांसद कोयल मल्लिक के इस्तीफे के बाद पार्टी छोड़ने वाले नेताओं पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि “जिसे जहां जाना है, वह 21 जुलाई से पहले बोरिया-बिस्तर लेकर चला जाए।” ममता ने आरोप लगाया कि कुछ नेता बीजेपी, ईडी और सीबीआई के दबाव में पार्टी छोड़ रहे हैं। ममता बनर्जी ने कहा कि कोयल मल्लिक ने उन्हें पहले ही ई-मेल के जरिए अपने इस्तीफे की जानकारी दे दी थी। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि जिस पार्टी को उन्होंने खड़ा किया है, उसे कोई कलंकित न करे।
चुनावी हार के बाद TMC में बढ़ी हलचल
2026 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में हार के बाद तृणमूल कांग्रेस लगातार राजनीतिक चुनौतियों का सामना कर रही है। पार्टी के कई राज्यसभा सांसद इस्तीफा दे चुके हैं और कई नेताओं ने टीएमसी छोड़कर बीजेपी का दामन थाम लिया है। वहीं, टीएमसी के नवनिर्वाचित विधायकों का एक गुट भी बगावत कर चुका है। ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व में इस गुट ने अपना अलग नेता चुन लिया है और अभिषेक बनर्जी की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं।
अभिषेक बनर्जी के बचाव में उतरीं ममता
पार्टी के भीतर विरोध के बावजूद ममता बनर्जी ने अभिषेक बनर्जी का खुलकर समर्थन किया। उन्होंने कहा कि “अभिषेक शेर की तरह लड़ रहे हैं। ममता ने दावा किया कि उन्होंने 2006 में पार्टी को खड़ा किया था और जरूरत पड़ी तो दोबारा भी संगठन को मजबूत कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि जो लोग पार्टी के साथ बने रहेंगे, वे उनके लिए “सोने जैसे” हैं।
कोयल के इस्तीफे का पहले से था अंदेशा
ममता बनर्जी ने बताया कि कोयल मल्लिक ने ई-मेल के जरिए उन्हें सूचित किया था कि उनके परिवार के कई सदस्यों को जांच एजेंसियों की ओर से समन भेजे गए हैं। ममता ने कहा कि उसी समय उन्हें अंदाजा हो गया था कि कोयल पार्टी छोड़ सकती हैं। इसी वजह से उन्हें पहले ही पार्टी के सभी पदों से हटा दिया गया था। हालांकि, कोयल मल्लिक के इस्तीफे के पीछे की वास्तविक वजह और उनकी आगे की राजनीतिक रणनीति को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।