बंगाल के 23 वर्षीय क्रिकेटर और आईपीएल फ्रेंचाइजी दिल्ली कैपिटल्स के खिलाड़ी अभिषेक पोरेल कानूनी विवाद में घिर गए हैं। एक महिला ने उन पर शादी का झूठा वादा कर शारीरिक संबंध बनाने, निजी पलों का वीडियो रिकॉर्ड करने, बंधक बनाकर प्रताड़ित करने और फोन व सोशल मीडिया के जरिए धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।
महिला की शिकायत के आधार पर मामला मोगरा पुलिस थाने में दर्ज किया गया है। आरोप है कि अभिषेक पोरेल ने मंकुंडू स्थित अपने फ्लैट में शादी का भरोसा दिलाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और बाद में उसके निजी वीडियो रिकॉर्ड कर लिए। शिकायत में यह भी कहा गया है कि महिला को कमरे में बंद रखकर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया और लगातार धमकियां दी गईं।
मामले की सुनवाई के दौरान कोलकाता हाईकोर्ट ने सख्त रुख अपनाया। अदालत ने पुलिस को अभिषेक पोरेल की तत्काल गिरफ्तारी की दिशा में कार्रवाई तेज करने का निर्देश दिया है। साथ ही उनके मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त करने के आदेश दिए हैं, ताकि कथित आपत्तिजनक फोटो या वीडियो के लीक होने की आशंका को रोका जा सके। जांच के दौरान पुलिस को एक पेन ड्राइव भी मिली है, जिसे अहम साक्ष्य माना जा रहा है।
वहीं, अभिषेक पोरेल ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि उनके खिलाफ दर्ज शिकायत पूरी तरह झूठी और निराधार है। उन्होंने कहा कि पुलिस की शुरुआती जांच पूरी होने के बाद ही वह इस मामले पर विस्तार से अपनी बात रखेंगे। अभिषेक पोरेल 2023 से आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा हैं। बाएं हाथ के टॉप-ऑर्डर बल्लेबाज पोरेल ने घरेलू क्रिकेट में बंगाल का प्रतिनिधित्व करते हुए 2021-22 सीजन में प्रथम श्रेणी क्रिकेट में पदार्पण किया था। अब तक वह 32 प्रथम श्रेणी, 23 लिस्ट-ए और दिल्ली कैपिटल्स के लिए 35 आईपीएल मैच खेल चुके हैं।