मुंबई| बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अमिताभ बच्चन ने अपनी सेहत को लेकर बड़ा अपडेट साझा किया है। उन्होंने अपने आधिकारिक ब्लॉग में बताया कि हाल ही में उनकी सर्जरी हुई, जिसके बाद कुछ समय तक उन्हें अस्पताल के आईसीयू (ICU) में डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया। अब उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है और वह अपने घर ‘जलसा’ में स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं।
अपने ब्लॉग में अमिताभ बच्चन ने लिखा कि सर्जरी और आईसीयू में चिकित्सकीय देखरेख के बाद अब वह घर लौट आए हैं। उन्होंने बताया कि अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद शुरुआती रिकवरी का दौर शारीरिक और मानसिक रूप से चुनौतीपूर्ण होता है, लेकिन धीरे-धीरे उनकी तबीयत में सुधार हो रहा है। हालांकि, बिग बी ने यह स्पष्ट नहीं किया कि उन्हें किस स्वास्थ्य समस्या के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था या उनकी किस प्रकार की सर्जरी हुई। उन्होंने अपनी बीमारी या इलाज से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है।
अमिताभ बच्चन ने इस दौरान उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआ करने वाले प्रशंसकों, शुभचिंतकों और सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुश्किल समय में मिले प्यार और शुभकामनाओं ने उन्हें हौसला दिया। 83 वर्षीय अभिनेता लंबे समय से फिल्मों, टेलीविजन और सोशल मीडिया के माध्यम से अपने प्रशंसकों से जुड़े रहते हैं। उनकी सेहत से जुड़ी जानकारी सामने आने के बाद फैंस उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। फिलहाल अभिनेता घर पर आराम कर रहे हैं और चिकित्सकों की सलाह के अनुसार रिकवरी जारी है।