नई दिल्ली। अखिल भारतवर्षीय कसौधन वैश्य महासभा (पंजी.) के एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति से मुलाकात कर कसौधन समाज को अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) की केंद्रीय सूची में शामिल किए जाने की मांग उठाई। इस संबंध में आयोग की अध्यक्ष को एक ज्ञापन भी सौंपा गया।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बजरंगबली कसौधन ने किया। प्रतिनिधिमंडल में राष्ट्रीय कार्यवाहक अध्यक्ष राजेश कुमार गुप्ता (दिल्ली), राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कैलाश कश्यप (झारखंड), राष्ट्रीय संगठन मंत्री संतोष कुमार गुप्ता (सासाराम, बिहार), राष्ट्रीय संगठन मंत्री शारदा प्रसाद कसौधन (भिलाई) तथा नवमनोनीत राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. जयंत कश्यप (रांची) शामिल रहे।
इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने साध्वी निरंजन ज्योति को स्मृति-चिह्न, महर्षि कश्यप का चित्र, अंगवस्त्र, शाल और पटका भेंट कर सम्मानित किया। प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने आशा व्यक्त की कि कसौधन समाज की मांग पर सकारात्मक विचार किया जाएगा।
राष्ट्रीय कार्यवाहक अध्यक्ष राजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि महासभा लंबे समय से कसौधन समाज को केंद्रीय ओबीसी सूची में शामिल किए जाने की मांग कर रही है। उन्होंने समाज के लोगों से इस मुद्दे पर एकजुट होकर प्रयास करने की अपील भी की।