लखनऊ| उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित नए विधायक निवास परिसर में सोमवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। इमारत की सातवीं मंजिल से गिरने से पूर्व राज्यमंत्री एवं वर्तमान में बीजेपी के ओबीसी मोर्चा के मंत्री नानक दीन भुर्जी की मौत हो गई। उन्हें गंभीर अवस्था में अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, घटना हजरतगंज थाना क्षेत्र स्थित विधायक आवास के पिछले हिस्से में हुई। शुरुआती सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल पूर्व मंत्री को तत्काल सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
गिरने की वजह की जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह हादसा था या उन्होंने स्वयं छलांग लगाई। घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक पूछताछ में परिसर में मौजूद लोगों ने पुलिस को बताया कि नानक राम भुर्जी पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव से गुजर रहे थे और अक्सर विधायक निवास परिसर में अकेले घूमते हुए दिखाई देते थे। हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी निष्कर्ष पर पहुंचने की पुष्टि नहीं की है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है और सभी कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
बीजेपी से जुड़े रहे वरिष्ठ नेता
नानक राम भुर्जी भारतीय जनता पार्टी से जुड़े वरिष्ठ नेताओं में गिने जाते थे। वह पार्टी के पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ में प्रदेश महामंत्री की जिम्मेदारी भी निभा चुके थे। उनके निधन की खबर के बाद राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर है।