तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में मंगलवार को बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम देखने को मिला। अभिनेत्री तृषा कृष्णन पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में पुलिस ने डीएमके नेता और तमिलनाडु के उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन को हिरासत में लेने के बाद गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के कुछ ही समय बाद पुलिस ने कार्रवाई की। यह मामला उदयनिधि स्टालिन के उस कथित विवादित और दोहरे अर्थ वाले बयान से जुड़ा है, जिसे व्यापक रूप से अभिनेत्री तृषा कृष्णन पर लक्षित माना गया। पुलिस ने उनके खिलाफ छह धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
कार्रवाई से पहले चेन्नई स्थित उनके आवास के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। इसके बाद पुलिस उन्हें पूछताछ के लिए थाने ले गई, जहां प्रारंभिक पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। उधर, गिरफ्तारी की आशंका के बीच उदयनिधि स्टालिन ने अग्रिम जमानत के लिए मद्रास हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। उनकी याचिका पर अदालत में दोपहर के सत्र में सुनवाई होने की संभावना है।