देश की तीन विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनावों के नतीजों के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। बिहार की बांकीपुर और मध्य प्रदेश की दतिया सीट पर भाजपा की हार को लेकर समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने केंद्र सरकार और भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि इन चुनावी परिणामों ने जनता का संदेश साफ कर दिया है और भाजपा की विदाई की शुरुआत हो चुकी है। समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में अवधेश प्रसाद ने कहा कि भाजपा अपने गढ़ मानी जाने वाली सीटों पर भी हार रही है, जो जनता के बदलते रुख का संकेत है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विपक्ष के सवालों से बच रही है और महत्वपूर्ण मुद्दों पर सदन में जवाब देने से कतरा रही है।
सपा सांसद ने कहा कि छात्रों के साथ अन्याय हुआ, प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज और कार्रवाई की गई, जबकि महंगाई लगातार बढ़ रही है। उन्होंने पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस की कीमतों, किसानों की समस्याओं, अर्थव्यवस्था और विदेश नीति को लेकर भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उनका कहना था कि सरकार के पास इन समस्याओं का कोई ठोस समाधान नहीं है।
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन के उपचुनाव परिणामों पर आत्ममंथन वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए अवधेश प्रसाद ने कहा कि यह केवल हार छिपाने की कोशिश है। उन्होंने कहा कि अब आत्ममंथन से कुछ नहीं होगा, क्योंकि जनता अपना फैसला सुना चुकी है। अवधेश प्रसाद ने दावा किया कि यह भाजपा की गिरती राजनीतिक पकड़ की शुरुआत है। उन्होंने विश्वास जताया कि 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में अखिलेश यादव के नेतृत्व में पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) गठबंधन की सरकार बनेगी और भाजपा 50 सीटों का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाएगी।
उपचुनाव के नतीजे
तीन विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में भाजपा को मिश्रित परिणाम मिले। गुजरात की मांजलपुर सीट पर भाजपा उम्मीदवार सतीश पटेल ने कांग्रेस के भिखाभाई रबारी को 30,630 वोटों से हराकर शानदार जीत दर्ज की। वहीं, बिहार की बांकीपुर सीट पर भाजपा को 19,324 वोटों से और मध्य प्रदेश की दतिया सीट पर 6,016 वोटों से हार का सामना करना पड़ा। इन परिणामों के बाद विपक्ष भाजपा पर लगातार हमलावर है, जबकि भाजपा ने हार वाले क्षेत्रों में आत्ममंथन करने की बात कही है।