जयपुर: राजस्थान की राजधानी जयपुर में यूजीसी रेगुलेशंस 2026 के विरोध में करणी सेना द्वारा निकाली गई रैली के बाद एक प्रदर्शनकारी की मौत हो गई। करणी सेना ने आरोप लगाया है कि प्रदर्शन के दौरान पुलिस की कार्रवाई के कारण यह घटना हुई, जबकि पुलिस ने अभी तक मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। करणी सेना के मुताबिक, मृतक की पहचान डीडवाना-कुचामन जिले के पलाड़ा निवासी देवराज सिंह के रूप में हुई है। संगठन का दावा है कि प्रदर्शन के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें पहले एक निजी अस्पताल और फिर एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरोप लगाया कि कालवाड़ रोड पर प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। उनका कहना है कि तेज पानी का दबाव देवराज सिंह के सीने पर लगा, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई। बाद में घर पहुंचने पर उन्होंने सीने में दर्द की शिकायत की और अस्पताल में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि देवराज सिंह की मौत के वास्तविक कारणों की अभी जांच की जा रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस ने फिलहाल करणी सेना के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
गौरतलब है कि यूजीसी रेगुलेशंस 2026 को वापस लेने और सवर्ण समाज से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर सोमवार को आयोजित इस रैली के दौरान कालवाड़ रोड समेत कई स्थानों पर प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प हुई थी। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया था। रैली के बाद प्रदर्शनकारी कलेक्ट्रेट सर्किल पर एकत्र हुए और कुछ समय के लिए सड़क जाम करने के बाद वहां से हट गए।