बॉलीवुड सुपरस्टार Salman Khan असम में बाढ़ से प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए आगे आए हैं। उन्होंने ‘आशियाना – होप बिगिन्स विद ए सेफ शेल्टर’ अभियान का समर्थन किया है, जिसका उद्देश्य बाढ़ में बेघर हुए परिवारों को सुरक्षित आवास उपलब्ध कराना है। उनके इस कदम की सोशल मीडिया पर सराहना की जा रही है और प्रशंसक उन्हें रियल लाइफ हीरो बता रहे हैं। सलमान खान लंबे समय से सामाजिक कार्यों और जरूरतमंदों की मदद के लिए जाने जाते हैं। कैंसर मरीजों की सहायता से लेकर जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा तक, वे विभिन्न मानवीय पहलों से जुड़े रहे हैं।
500 घर बनाने का लक्ष्य
‘आशियाना – होप बिगिन्स विद ए सेफ शेल्टर’ अभियान के तहत असम के नेपाली खुटी क्षेत्र में निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। पहले चरण में करीब 220 अर्ध-स्थायी (सेमी-परमानेंट) घर तैयार किए जा चुके हैं, जिससे कई बेघर परिवारों को सुरक्षित आश्रय मिल गया है। अभियान का लक्ष्य कुल 500 घरों का निर्माण करना है, ताकि बाढ़ प्रभावित सैकड़ों परिवारों को दोबारा सम्मान और सुरक्षा के साथ अपना जीवन शुरू करने का अवसर मिल सके। सलमान खान के जुड़ने से इस पहल को व्यापक समर्थन मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
अन्य कलाकार भी आए मदद के लिए आगे
असम में राहत कार्यों में कई अन्य कलाकार भी योगदान दे रहे हैं। Randeep Hooda ने प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर राशन और राहत सामग्री वितरित की, जबकि Bhumi Pednekar भी राहत कार्यों में सहयोग कर रही हैं। इन प्रयासों का उद्देश्य बाढ़ प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत के साथ-साथ पुनर्वास में भी सहायता उपलब्ध कराना है।