पुणे: महाराष्ट्र के बारामती में रविवार को एक बार फिर ट्रेनिंग विमान हादसे का मामला सामने आया। बारामती एयरपोर्ट के पास प्रशिक्षण उड़ान के दौरान एक विमान लैंडिंग के प्रयास में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। राहत की बात यह रही कि विमान में सवार ट्रेनी पायलट सुरक्षित है। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। जानकारी के मुताबिक, रविवार दोपहर ट्रेनिंग फ्लाइट एयरपोर्ट परिसर में लैंड कर रही थी। इसी दौरान लैंडिंग के प्रयास में विमान जमीन पर गिर गया। घटना के बाद मौके पर राहत और बचाव की कार्रवाई की गई।
मई में भी हुआ था ट्रेनिंग विमान हादसा
बारामती में इससे पहले 13 मई 2026 को रेडबर्ड कंपनी का एक ट्रेनर विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। यह विमान बारामती एयरपोर्ट के पास गोजुबाबी गांव की सीमा में गिरा था। क्रैश लैंडिंग के दौरान विमान का एक हिस्सा जमीन पर गिरने से पहले बिजली के खंभे से टकरा गया था। हादसे के समय विमान में केवल एक ट्रेनी पायलट सवार था। उसे गंभीर चोट नहीं आई थी। शुरुआती जानकारी में विमान में तकनीकी खराबी आने की बात सामने आई थी।
जनवरी में अजित पवार समेत पांच लोगों की हुई थी मौत
बारामती एयरपोर्ट पर जनवरी 2026 में हुए एक विमान हादसे ने पूरे देश को झकझोर दिया था। चार्टर विमान दुर्घटना में महाराष्ट्र के तत्कालीन उपमुख्यमंत्री अजित पवार समेत पांच लोगों की मौत हुई थी। अजित पवार मुंबई से चार्टर विमान के जरिए बारामती जा रहे थे। हादसे में कैप्टन सुमित कपूर, सह-पायलट कैप्टन शांभवी पाठक, पवार के निजी सुरक्षा अधिकारी विदिप जाधव और विमान परिचारिका पिंकी माली की भी मौत हुई थी। दुर्घटनाग्रस्त लीयरजेट 46 विमान का संचालन दिल्ली स्थित वीएसआर वेंचर्स द्वारा किया जाता था।
बार-बार हादसों से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
बारामती एयरपोर्ट के आसपास लगातार सामने आ रही विमान दुर्घटनाओं ने एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था, उड़ान संचालन और निगरानी तंत्र पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सवाल यह है कि बार-बार हो रही घटनाओं के बावजूद एयरपोर्ट और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा मानकों को मजबूत करने के लिए क्या स्थायी कदम उठाए जा रहे हैं?