पश्चिम बंगाल के बैरकपुर में पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी की कार पर पथराव किए जाने का आरोप लगा है। ममता बनर्जी ने दावा किया कि वह पुलिस हिरासत में मारे गए तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ता के परिजनों से मिलने जा रही थीं, तभी उनकी कार पर बड़े-बड़े पत्थर फेंके गए और उन्हें ‘चोर’ कहकर नारे लगाए गए।
ममता बनर्जी ने घटना को लेकर पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, “पुलिस के सामने ही असामाजिक तत्वों ने मेरी कार पर बड़े-बड़े पत्थर फेंके। हमला इतना जोरदार था कि अगर कार की खिड़कियां खुली होतीं तो मेरा सिर फट सकता था। हम सब मारे जा सकते थे। यह सब पुलिस के सामने हुआ। मैंने ऐसा पहले कभी नहीं देखा।”
ममता ने आरोप लगाया कि पुलिस बीजेपी को सुरक्षा दे रही है और सवाल उठाया कि राज्य में आखिर यह सब क्या हो रहा है।
वहीं, बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने ममता बनर्जी की कार पर हुए कथित हमले की निंदा की। उन्होंने कहा कि अगर किसी ने पूर्व मुख्यमंत्री की गाड़ी पर पत्थर, मिट्टी या चप्पल फेंकी है तो बीजेपी उसका समर्थन नहीं करती। उन्होंने स्पष्ट किया कि घटना में बीजेपी का कोई कार्यकर्ता शामिल नहीं है।
समिक भट्टाचार्य ने कहा कि पूर्व महिला मुख्यमंत्री के साथ इस तरह का व्यवहार नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं से पश्चिम बंगाल की छवि खराब होती है। साथ ही उन्होंने भरोसा जताया कि अगर घटना हुई है तो मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के नेतृत्व वाली पुलिस तत्काल कार्रवाई करेगी।