गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में पुरानी हत्या की रंजिश ने एक बार फिर खूनी रूप ले लिया। 8 अगस्त 2026 को अहिरौली खुर्द गांव में बिजली विभाग के ठेकेदार शिवकुमार तिवारी की तलवार और सब्बल से हमला कर हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2024 में हुई आदेश चौधरी की हत्या की रंजिश में इस वारदात को अंजाम दिया गया। मामले में सिकरीगंज पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
ब्रह्मभोज में कतार में बैठे थे शिवकुमार
जानकारी के मुताबिक, अहिरौली खुर्द गांव में छेदी चौधरी की मृत्यु के बाद ब्रह्मभोज का आयोजन किया गया था। शिवकुमार तिवारी भी इसमें शामिल होने पहुंचे थे। वह भोजन के लिए कतार में बैठे थे, तभी आरोपियों ने पीछे से उन पर सब्बल से हमला कर दिया। हमले में शिवकुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन और अन्य लोग उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाने लगे।
रास्ते में ऑटो रुकवाकर तलवार से हमला
पुलिस के अनुसार, अस्पताल ले जाते समय आरोपियों ने रास्ते में ऑटो रुकवा लिया। आरोप है कि मुख्य आरोपी राहुल चौधरी ने शिवकुमार को ऑटो से नीचे उतारा और तलवार से उन पर कई वार किए। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौत हो गई। घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वीडियो में एक व्यक्ति तलवार से हमला करता दिखाई दे रहा है। वायरल वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि आरोपी ने करीब 22 बार तलवार से वार किए थे। पुलिस वीडियो और घटना से जुड़े अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।
2024 की हत्या से जुड़ी थी रंजिश
पुलिस की शुरुआती जांच में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश सामने आई है। वर्ष 2024 में आदेश चौधरी की हत्या हुई थी। इस मामले में शिवकुमार तिवारी को आरोपी बनाया गया था। पुलिस के मुताबिक, इसी हत्या का बदला लेने के लिए शिवकुमार की हत्या की गई। मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी राहुल चौधरी समेत आशुतोष, बिंद निवास, भानु चौधरी सहित कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से पूछताछ कर घटना में उनकी भूमिका और अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
थानाध्यक्ष लाइन हाजिर, गांव में भारी पुलिस बल तैनात
घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठे हैं। मामले में लापरवाही के आरोपों के चलते एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने सिकरीगंज थानाध्यक्ष अंजुल चतुर्वेदी को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।