भारतीय रेलवे के इंटीग्रेटेड टिकटिंग ऐप RailOne ने लॉन्च के महज एक साल के भीतर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। रेल मंत्रालय के मुताबिक, इस ऐप को अब तक 4.76 करोड़ से ज्यादा बार डाउनलोड किया जा चुका है। वहीं, 2 अगस्त 2026 तक के आंकड़ों के अनुसार, RailOne के जरिए हर दिन करीब 10 लाख ऑनलाइन टिकट बुक किए जा रहे हैं। रेल मंत्रालय ने 12 अगस्त को जारी अपने आधिकारिक बयान में बताया कि रोजाना बुक होने वाले टिकटों में करीब 2.9 लाख रिजर्व्ड और 7.24 लाख अनरिजर्व्ड (UTS) टिकट शामिल हैं।
एक ही ऐप में रेलवे की सभी सुविधाएं
RailOne ऐप को इस तरह तैयार किया गया है कि यात्रियों को अलग-अलग रेलवे ऐप डाउनलोड करने की जरूरत न पड़े। इसमें सिंगल साइन-ऑन सुविधा के साथ रिजर्व्ड टिकट, UTS (अनारक्षित) टिकट, प्लेटफॉर्म टिकट, PNR स्टेटस, ट्रेन रनिंग स्टेटस, Rail Madad और यात्रा के दौरान फूड ऑर्डर जैसी सभी सेवाएं एक ही जगह उपलब्ध हैं। इसके अलावा, यात्री रेल वॉलेट भी लिंक कर सकते हैं, जिससे टिकट बुकिंग की प्रक्रिया और तेज हो जाती है।
ऑनलाइन टिकट बुकिंग में बढ़ा डिजिटल ट्रेंड
रेल मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, देश में ऑनलाइन टिकट बुकिंग का चलन लगातार बढ़ रहा है। वर्तमान में करीब 89% रिजर्व्ड टिकट ऑनलाइन बुक किए जा रहे हैं, जबकि 2013-14 में यह आंकड़ा सिर्फ 49% था। वहीं, 39% अनारक्षित टिकट भी अब मोबाइल ऐप के जरिए बुक किए जा रहे हैं।
जल्द आएगी नई IRCTC वेबसाइट
यात्रियों के बेहतर अनुभव के लिए भारतीय रेलवे ने हाल ही में नई IRCTC वेबसाइट का बीटा वर्जन लॉन्च किया है। जल्द ही इसका फाइनल और स्टेबल वर्जन जारी किया जाएगा। नई वेबसाइट में आधुनिक यूजर इंटरफेस के साथ सर्वर क्षमता भी बढ़ाई जा रही है, ताकि एक साथ बड़ी संख्या में टिकटों की बुकिंग बिना किसी परेशानी के की जा सके।