पटना: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच करीब आधे घंटे तक बातचीत हुई। इस दौरान जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा भी मौजूद रहे। मुलाकात के बाद सम्राट चौधरी ने तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए इसे शिष्टाचार भेंट बताया।
तस्वीरों में नीतीश कुमार और सम्राट चौधरी के बीच सहज और आत्मीय अंदाज नजर आया। एक तस्वीर में नीतीश कुमार मुख्यमंत्री के कंधे पर हाथ रखे दिखे, जबकि दूसरी तस्वीर में दोनों सीढ़ियों से नीचे उतरते नजर आए। तीसरी तस्वीर में नीतीश कुमार कुर्सी पर बैठे हैं और सम्राट चौधरी उनके सामने बैठे दिखाई दे रहे हैं।
नीतीश को सरकार के कामकाज की दी जानकारी
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सरकार की ओर से किए जा रहे विकास कार्यों और अन्य महत्वपूर्ण मामलों की जानकारी नीतीश कुमार को दी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों के बीच बातचीत सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई।
हवेली खड़गपुर में CM ने निकाली तिरंगा यात्रा
वहीं, स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मुंगेर के हवेली खड़गपुर में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाई और खुद भी यात्रा में शामिल हुए। उन्होंने आंबेडकर चौक पर डॉ. भीमराव आंबेडकर को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद आंबेडकर चौक से पटेल चौक तक तिरंगा यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने तिरंगे को देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक बताते हुए लोगों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन का अभियान बनाने की अपील की।
सरकारी आवास पर भी फहराया तिरंगा
इससे पहले मुख्यमंत्री ने अपने सरकारी आवास पर भी राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उन्होंने लोगों से स्वतंत्रता दिवस के मौके पर अपने घरों पर तिरंगा फहराने और देशभक्ति के इस अभियान में भाग लेने की अपील की।
इस बीच, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी हाल ही में भरत तिवारी के परिवार को आर्थिक सहायता और एक सरकारी नौकरी देने की घोषणा को लेकर भी चर्चा में रहे हैं। कुल मिलाकर शुक्रवार को मुख्यमंत्री का दिन राजनीतिक मुलाकात और देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रमों से भरा रहा।