ग्वालियर: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में नेशनल हाईवे-719 पर मंगलवार तड़के बड़ा सड़क हादसा हो गया। छीमक गांव के पास मजदूरों से भरी एक लोडिंग पिकअप और तेज रफ्तार ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में अब तक 8 लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है, जबकि करीब 25 मजदूर घायल बताए जा रहे हैं। कई घायलों की हालत गंभीर होने के कारण मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।
धान की रोपाई के बाद घर लौट रहे थे मजदूर
जानकारी के मुताबिक, मजदूर ग्वालियर के चिनोर इलाके में धान की रोपाई का काम करने आए थे। काम पूरा होने के बाद वे सोमवार देर रात लोडिंग वाहन में सवार होकर अपने घर लखीमपुर खीरी, उत्तर प्रदेश लौट रहे थे।
बताया जा रहा है कि करीब 30 मजदूरों को ठेकेदार रजनीश 4 अगस्त को ग्वालियर लेकर आया था। देर रात करीब एक बजे वाहन गोहद चौराहा थाना क्षेत्र के छीमक चौराहे के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रहे ट्रक से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर के बाद मची चीख-पुकार
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के वक्त अधिकांश मजदूर सो रहे थे। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, मौके पर ही पांच मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए।
सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के लिए उन्हें गोहद अस्पताल और बाद में ग्वालियर के जयारोग्य अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। अस्पताल ले जाते समय तीन और घायलों की मौत हो गई, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर आठ हो गई।
गायों को बचाने की कोशिश में हादसा?
प्रारंभिक जानकारी में हादसे की वजह हाईवे पर बैठी गायों को बचाने की कोशिश बताई जा रही है। हालांकि, पुलिस की जांच के बाद ही दुर्घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो पाएगी।
ट्रक चालक फरार, पुलिस ने शुरू की तलाश
हादसे के बाद ट्रक चालक मौके पर वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। गोहद चौराहा पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे और घायलों के इलाज की व्यवस्था का जायजा लिया। फिलहाल मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।