लखनऊ। उत्तर प्रदेश की सियासत में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान से जुड़े मामले को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है। आजम खान की जौहर यूनिवर्सिटी समेत करीब 10 ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय की कार्रवाई के बाद यूपी सरकार में मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के नेतृत्व पर गंभीर आरोप लगाए हैं। राजभर ने दावा किया कि आजम खान के खिलाफ चल रही कार्रवाई के लिए अखिलेश यादव और शिवपाल यादव की भूमिका जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि दिन में बीजेपी के खिलाफ दिखने वाले अखिलेश रात को गुलदस्ता लेकर योगी जी और मोदी जी के पास जाते हैं. हालांकि, राजभर के इन आरोपों पर अखिलेश यादव या शिवपाल यादव की ओर से इस बयान पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
यूपी-जापान निवेश को लेकर क्या बोले राजभर?
राजभर ने उत्तर प्रदेश में प्रस्तावित जापान निवेश से जुड़े कार्यक्रम को लेकर भी सरकार की तैयारियों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि राज्य में निवेश बढ़ाने और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने पर सरकार का जोर है।उन्होंने कहा कि किसानों को खाद, बीज और सिंचाई जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ प्रदेश के आर्थिक विकास पर भी काम किया जा रहा है। राजभर के मुताबिक, 21 अगस्त को जापान से एक प्रतिनिधिमंडल लखनऊ पहुंचेगा, जहां निवेश से जुड़े कार्यक्रम में उसकी भागीदारी होगी।
OBC आरक्षण पर भी रखी राय
मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने OBC आरक्षण के मुद्दे पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि आरक्षण का लाभ सभी पिछड़ी जातियों तक समान रूप से पहुंचना जरूरी है। राजभर ने कहा कि पिछड़ा वर्ग के भीतर कुछ जातियों को आरक्षण का अपेक्षाकृत ज्यादा फायदा मिलने की बात लंबे समय से उठती रही है। उन्होंने सामाजिक रूप से कमजोर वर्गों तक आरक्षण का लाभ पहुंचाने की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने यह भी कहा कि आरक्षण व्यवस्था को लेकर अदालतों में चल रही कानूनी प्रक्रिया के बीच यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि वास्तविक रूप से पिछड़े और जरूरतमंद वर्गों को इसका लाभ मिले।
अखिलेश के बयान पर भी पलटवार
अखिलेश यादव के एक बयान को लेकर पूछे गए सवाल पर राजभर ने विपक्षी गठबंधन के भीतर सीट बंटवारे को लेकर चल रही चर्चाओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि गठबंधन में अलग-अलग दल अपनी-अपनी राजनीतिक हिस्सेदारी को लेकर बातचीत कर रहे हैं। राजभर ने अपनी पार्टी की स्थिति पर कहा कि सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी को राज्य स्तरीय पार्टी का दर्जा हासिल करने के लिए जरूरी चुनावी प्रदर्शन करना है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में पार्टी नेतृत्व के सामने अपनी बात रखी जाएगी और आगे जो फैसला होगा, उसके मुताबिक संगठन काम करेगा। इस बीच, आजम खान के ठिकानों पर ED की कार्रवाई को लेकर यूपी की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर सपा और सत्तारूढ़ गठबंधन के बीच बयानबाजी और बढ़ने की संभावना है।