फतेहपुर: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में एक मदरसे के शिक्षक पर 14 वर्षीय छात्रा के यौन शोषण का गंभीर आरोप लगा है। परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने 21 वर्षीय आरोपी मौलवी अब्दुल समद को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है और मामले की जांच जारी है। जानकारी के मुताबिक, ललौली थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 14 वर्षीय छात्रा इलाके की जामा मस्जिद स्थित मदरसे में पढ़ती थी। आरोप है कि करीब दो साल पहले मदरसे में पढ़ाने आए अब्दुल समद ने छात्रा से नजदीकी बढ़ाई और शादी का झांसा देकर उसके साथ लंबे समय तक यौन शोषण किया। परिजनों का आरोप है कि मदरसे में छुट्टी के बाद आरोपी छात्रा को बुलाता था और पिछले करीब एक साल से उसके साथ यह वारदात करता रहा।
छात्रा को फर्रुखाबाद ले जा रहा था आरोपी
बताया गया कि बुधवार देर रात आरोपी छात्रा को अपने साथ लेकर फर्रुखाबाद जाने की कोशिश कर रहा था। जब परिजनों को छात्रा के घर से गायब होने की जानकारी मिली तो उन्होंने उसकी तलाश शुरू की। तलाश के दौरान परिजनों ने आरोपी को छात्रा के साथ जाते हुए देख लिया। शोर मचाने पर ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए और दोनों को रोक लिया गया। इसके बाद आरोपी और छात्रा को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, छात्रा के बयान दर्ज किए गए हैं और उसे मेडिकल जांच के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। थाना प्रभारी पीके राव ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सामने आए आरोपों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।