देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस कार्यसमिति के ‘वंदे मातरम्’ के गायन को लेकर लिए गए फैसले पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। मीडिया से बातचीत में सीएम धामी ने कांग्रेस के निर्णय को लेकर सवाल उठाते हुए इसे देशविरोधी मानसिकता से जोड़ दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ देश के स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़ा महत्वपूर्ण राष्ट्रीय गीत है। ऐसे में इसके गायन को लेकर कांग्रेस कार्यसमिति का फैसला दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का यह रुख उसकी मानसिकता को दर्शाता है।
सीएम धामी ने कहा कि देश के राष्ट्रीय प्रतीकों और उनसे जुड़ी भावनाओं का सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस गीत ने स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान लोगों में राष्ट्रभावना जगाने का काम किया, उसके गायन को लेकर इस तरह का निर्णय उचित नहीं है।
‘वंदे मातरम्’ को लेकर बीजेपी-कांग्रेस आमने-सामने
बता दें कि ‘वंदे मातरम्’ के गायन को लेकर बीजेपी और कांग्रेस के बीच सियासी बयानबाजी तेज है। बीजेपी नेताओं की ओर से कांग्रेस के फैसले पर लगातार सवाल उठाए जा रहे हैं, जबकि कांग्रेस का कहना है कि इस मुद्दे को राजनीतिक रंग दिया जा रहा है। इस विवाद के बीच सीएम धामी के बयान से उत्तराखंड की सियासत में भी इस मुद्दे पर चर्चा तेज हो गई है।