विशाखापत्तनम: आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में एक प्राइवेट स्कूल में LKG में पढ़ने वाले 6 साल के बच्चे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि होमवर्क नहीं करने पर टीचर ने बच्चे को डांटा और थप्पड़ मारा, जिसके कुछ देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया।
CCTV फुटेज से सामने आया घटनाक्रम
बच्चे के परिजनों ने घटना की जानकारी मिलने के बाद स्कूल का CCTV फुटेज देखा। फुटेज में कथित तौर पर टीचर बच्चे को डांटती और थप्पड़ मारती दिखाई दे रही है। इसके कुछ ही देर बाद बच्चा अचानक टीचर की गोद में गिर जाता है। टीचर ने उसे संभालने की कोशिश की, लेकिन बच्चे की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद स्कूल स्टाफ की मदद से बच्चे को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने टीचर और स्कूल प्रबंधन पर लगाए आरोप
परिजनों ने पुलिस में शिकायत देकर आरोप लगाया कि होमवर्क नहीं करने पर टीचर ने बच्चे के साथ मारपीट की, जिसके बाद वह डर गया और उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिवार ने टीचर और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। CCTV फुटेज को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है। पुलिस टीचर और स्कूल के अन्य कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
बच्चे के पिता का आरोप है कि स्कूल की ओर से उन्हें घटना की जानकारी देने के लिए फोन तक नहीं किया गया। उनका कहना है कि घटना वाले दिन बच्चा बिल्कुल स्वस्थ था। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है।
मंत्री नारा लोकेश ने जताया दुख
घटना पर आंध्र प्रदेश के मानव संसाधन विकास मंत्री नारा लोकेश ने भी दुख जताया है। उन्होंने कहा कि टीचर की कथित पिटाई के बाद बच्चे की मौत की घटना बेहद दुखद है। उन्होंने दोषियों और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिलाते हुए कहा कि सरकार पीड़ित परिवार की हरसंभव मदद करेगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।