मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में शुक्रवार को एक निर्माणाधीन मॉल की सेटरिंग अचानक भरभराकर गिर गई। हादसा थाना कोतवाली वृंदावन क्षेत्र में हुआ। दुर्घटना के समय निर्माण कार्य में जुटे मजदूर मलबे की चपेट में आ गए। हादसे में तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हुआ है। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए आगरा रेफर किया गया है।
पुलिस और राहत टीमों ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
सेटरिंग गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और राहत-बचाव टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। मलबे में फंसे मजदूरों को बाहर निकालने के लिए तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी में मलबा हटाकर सभी मजदूरों को बाहर निकाला गया। मृतकों के बारे में शुरुआती जानकारी में बताया गया है कि वे नेपाल और पश्चिम बंगाल के रहने वाले थे।
मुख्यमंत्री ने लिया हादसे का संज्ञान
निर्माणाधीन मॉल में हुए हादसे का मुख्यमंत्री ने संज्ञान लिया है। उन्होंने अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही घायल मजदूर को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन हादसे की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
डीएम और एसएसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी सीपी सिंह और एसएसपी श्लोक कुमार घटनास्थल पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर राहत एवं बचाव अभियान की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सुरक्षा मानकों की जांच शुरू
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मजदूर सेटरिंग के नीचे काम कर रहे थे, तभी अचानक उसका एक बड़ा हिस्सा ढह गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं। साथ ही सेटरिंग की गुणवत्ता और हादसे के पीछे संभावित लापरवाही के पहलुओं की भी जांच की जा रही है। जांच के आधार पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।