मेरठ: यूपी टी20 लीग 2026 में रिंकू सिंह की कप्तानी वाली मेरठ मावेरिक्स का शानदार प्रदर्शन जारी है। टूर्नामेंट के 11वें मुकाबले में मेरठ ने नोएडा सुपर किंग्स को डकवर्थ-लुईस नियम के तहत 23 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ मेरठ मावेरिक्स ने लगातार चौथी जीत दर्ज की और 8 अंकों के साथ अंकतालिका में अपना पहला स्थान बरकरार रखा।
117 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए बिखरी नोएडा की टीम
टॉस जीतकर मेरठ मावेरिक्स ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। हालांकि टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और पूरी टीम 19.3 ओवर में 116 रन पर सिमट गई। नोएडा सुपर किंग्स को जीत के लिए 117 रन का लक्ष्य मिला।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी नोएडा की टीम ने 10.2 ओवर में 6 विकेट खोकर 51 रन बनाए। इसी दौरान बारिश ने मुकाबले में खलल डाल दिया। काफी इंतजार के बाद भी खेल दोबारा शुरू नहीं हो सका और डकवर्थ-लुईस नियम के आधार पर मेरठ को 23 रन से विजेता घोषित कर दिया गया।
रिंकू सिंह नहीं चले, अक्षय दुबे ने संभाली पारी
मेरठ की बल्लेबाजी में कप्तान रिंकू सिंह का बल्ला नहीं चला। वह सिर्फ 2 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। वहीं ओपनर स्वास्तिक चिकारा भी 1 रन ही बना सके।
इसके बाद अक्षय दुबे ने मोर्चा संभाला और 41 गेंदों पर 43 रन की अहम पारी खेली। संदीप तोमर ने 14 और यश गर्ग ने 16 रन बनाए। नोएडा की ओर से कुणाल त्यागी सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 4 ओवर में 16 रन देकर 4 विकेट झटके। प्रशांत वीर ने भी 17 रन देकर 3 विकेट हासिल किए।
कार्तिक त्यागी ने बरपाया कहर
117 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नोएडा सुपर किंग्स की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने महज 39 रन के स्कोर तक अपने 5 विकेट गंवा दिए।
शिवा सिंह 4, शौर्य सिंह 1 और कप्तान माधव कौशिक 6 रन बनाकर आउट हुए। आदित्य शर्मा अपना खाता भी नहीं खोल सके। रवि सिंह ने 21 रन बनाकर पारी संभालने की कोशिश की, लेकिन वह भी ज्यादा देर नहीं टिक सके। बॉबी यादव के बल्ले से 10 रन आए।
मेरठ की ओर से कार्तिक त्यागी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 ओवर में सिर्फ 12 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। विशाल चौधरी, यश गर्ग और जीशान अंसारी को एक-एक विकेट मिला।
अंकतालिका में टॉप पर मेरठ
इस जीत के साथ मेरठ मावेरिक्स के खाते में 8 अंक हो गए हैं और टीम अंकतालिका में शीर्ष पर बनी हुई है। रिंकू सिंह की टीम ने लगातार चार मुकाबले जीतकर टूर्नामेंट में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। दूसरी ओर, नोएडा सुपर किंग्स को इस मुकाबले में बारिश और खराब बल्लेबाजी दोनों का नुकसान उठाना पड़ा।