जयपुर: राजस्थान के जयपुर जिले के फागी इलाके में शुक्रवार देर शाम दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सड़क किनारे खेत से काटी गई मूंग की फसल सुखा रहे एक ही परिवार के चार लोगों को तेज रफ्तार SUV ने टक्कर मार दी। हादसे में पति-पत्नी और उनकी दो बहुओं की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में मातम पसर गया।
फसल सुखाते वक्त हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, हादसा फागी से करीब तीन किलोमीटर दूर माधोराजपुरा रोड पर सरमथुरा-फलोदी मेगा हाईवे के पास हुआ। शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे सत्यनारायण कुम्हार अपने खेत से काटी गई मूंग की फसल सड़क किनारे सुखा रहे थे। उनकी पत्नी और दो बहुएं भी काम में उनका हाथ बंटा रही थीं।
इसी दौरान तेज रफ्तार SUV अनियंत्रित होकर वहां पहुंची और चारों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि हादसे के बाद लोग काफी दूर जा गिरे। चारों की मौके पर ही मौत हो गई।
चारों मृतकों की हुई पहचान
पुलिस ने मृतकों की पहचान सत्यनारायण (60), उनकी पत्नी मनमौज (55), बहू अमृता (30) और बहू शिमला (25) के रूप में की है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को फागी उप-जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। बताया गया है कि अमृता के परिवार में 15 साल की बेटी प्रियंका और 13 साल का बेटा हिमांशु हैं। परिवार पहले भी एक सड़क हादसे में अपने पांच साल के बच्चे को खो चुका है।
हादसे के बाद हाईवे पर प्रदर्शन
चार लोगों की मौत की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल के बाहर जमा हो गए। ग्रामीणों ने मृतकों के परिवार को मुआवजा देने की मांग को लेकर जयपुर-भीलवाड़ा मेगा हाईवे पर जाम लगा दिया। इस दौरान सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों से बातचीत की।
अधिकारियों की समझाइश के बाद शांत हुआ मामला
DSP अनिल डोरिया और SHO पुष्पेंद्र बंसीवाल ने प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की। बाद में ASP शिवलाल बैरवा और SDO बलबीर सिंह भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति को संभाला। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और SUV चालक के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है। हादसे के कारणों और वाहन की रफ्तार समेत अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।