अरुणाचल प्रदेश की राजधानी ईटानगर की रहने वाली छोटी बच्ची करगा टिंकल गोंगो इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में है। टिंकल का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह लोगों से उसे ‘चाइनीज’ न कहने की अपील करती नजर आ रही है। बच्ची की मासूम बात ने सोशल मीडिया यूजर्स का ध्यान खींचा है।
एक कमेंट से उदास हो गई टिंकल
टिंकल की मां के मुताबिक, उन्होंने बेटी का आइसक्रीम लेते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। इसके बाद किसी यूजर ने कमेंट करते हुए बच्ची को ‘चाइनीज’ कह दिया। जब टिंकल की मां ने उसे इस कमेंट के बारे में बताया तो बच्ची को काफी बुरा लगा। उसने अपनी मां से कहा कि वे चाइनीज नहीं, बल्कि भारतीय हैं। इसके बाद टिंकल ने खुद अपना वीडियो बनाने की इच्छा जताई।
कैमरे के सामने बोली- मुझे इंडियन बोलो
वीडियो में टिंकल लोगों से अपील करती है कि उसे चाइनीज न कहा जाए। वह कहती है कि वह भारतीय है और इस तरह बुलाए जाने से उसका मन दुखी होता है। टिंकल की मां ने बताया कि बेटी की बात में कोई बनावट नहीं थी। उसने जो महसूस किया, वही कैमरे के सामने कह दिया। मां के मुताबिक, उन्होंने भी नहीं सोचा था कि यह वीडियो इतनी तेजी से लोगों तक पहुंच जाएगा।
नॉर्थ ईस्ट के लोगों की पहचान से जुड़ा मुद्दा
टिंकल के वीडियो ने नॉर्थ ईस्ट के लोगों को लेकर होने वाली ऐसी टिप्पणियों पर भी चर्चा छेड़ दी है। कई लोगों का कहना है कि चेहरे-मोहरे के आधार पर किसी की राष्ट्रीयता या पहचान पर सवाल उठाना सही नहीं है। ईटानगर की इस बच्ची की सीधी और मासूम अपील सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रही है। इंस्टाग्राम और फेसबुक समेत कई प्लेटफॉर्म पर वीडियो को बड़ी संख्या में व्यूज मिल चुके हैं।