पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की जिंदगी और राजनीतिक सफर अब डॉक्यूमेंट्री के जरिए दर्शकों के सामने आने वाला है। ‘From Satauj to Parliament’ नाम से तैयार इस विशेष शो में उनके गांव सतौज से लेकर संसद और फिर पंजाब के मुख्यमंत्री पद तक पहुंचने की कहानी दिखाई जाएगी। मुख्यमंत्री ने खुद सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी दी है।
7 भाषाओं में दिखाई जाएगी डॉक्यूमेंट्री
भगवंत मान के मुताबिक, यह विशेष शो 30 अगस्त को शाम 7 बजे डिस्कवरी चैनल पर प्रसारित होगा। डॉक्यूमेंट्री को सात अलग-अलग भाषाओं में तैयार किया गया है। मान ने इसका प्रमोशनल वीडियो भी सोशल मीडिया पर साझा किया है।
कॉमेडियन से मुख्यमंत्री बनने तक का सफर
डॉक्यूमेंट्री में भगवंत मान के शुरुआती जीवन और संगरूर के सतौज गांव से उनके सफर को केंद्र में रखा गया है। इसके अलावा मनोरंजन जगत में व्यंग्यकार और कलाकार के तौर पर उनकी पहचान, राजनीति में प्रवेश, लोकसभा सदस्य बनने और 2022 में पंजाब का मुख्यमंत्री बनने तक की यात्रा को भी दिखाया जाएगा।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, शो में उनकी मां हरपाल कौर, बहन मनप्रीत कौर और मनोरंजन जगत से जुड़े उनके कुछ दोस्तों के अनुभव भी शामिल किए गए हैं। इसके जरिए उनके निजी और सार्वजनिक जीवन के अलग-अलग पहलुओं को सामने रखने की कोशिश की गई है।
सरकार के कामकाज की भी झलक
डॉक्यूमेंट्री में भगवंत मान सरकार की कुछ प्रमुख पहलों और शासन से जुड़े कामों को भी जगह दी गई है। इनमें सिंचाई व्यवस्था, स्वास्थ्य बीमा और मावां-धियां सत्कार योजना जैसी योजनाओं का उल्लेख शामिल है।
2027 के चुनाव से पहले राजनीतिक चर्चा तेज
पंजाब में अगले विधानसभा चुनाव 2027 में होने हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री के जीवन और राजनीतिक सफर पर आधारित इस डॉक्यूमेंट्री के सामने आने को राजनीतिक नजरिए से भी देखा जा रहा है। इसमें मान की ग्रामीण पृष्ठभूमि से मुख्यमंत्री पद तक की यात्रा और सरकार के कामकाज को प्रमुखता मिलने की बात सामने आई है।