लखनऊ, 23 अगस्त 2026। अजीत वर्मा के शानदार हरफनमौला प्रदर्शन और अभिनंदन सिंह की घातक गेंदबाजी के दम पर लखनऊ फाल्कन्स ने यूपी टी-20 लीग सीजन-4 के मुकाबले में नोएडा किंग्स को डकवर्थ-लुईस-स्टर्न (डीएलएस) पद्धति के आधार पर 12 रन से हरा दिया। अजीत वर्मा ने 59 रन बनाने के साथ 2 विकेट भी हासिल किए, जबकि अभिनंदन सिंह ने 32 रन देकर 4 विकेट झटके।
भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में रविवार को खेले गए दिन के पहले मुकाबले की औपचारिक शुरुआत मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश के सलाहकार अवनीश अवस्थी ने पारंपरिक रूप से घंटा बजाकर की। इस अवसर पर अवनीश अवस्थी ने कहा कि यूपी टी-20 लीग ने उत्तर प्रदेश में क्रिकेट को मजबूत मंच देने के साथ युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का महत्वपूर्ण अवसर दिया है। उन्होंने कहा कि लीग की बढ़ती लोकप्रियता प्रदेश में क्रिकेट के प्रति बढ़ते उत्साह को दर्शाती है। यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने कहा कि लीग का उद्देश्य केवल प्रतिस्पर्धी क्रिकेट तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके जरिए उत्तर प्रदेश के क्रिकेट इकोसिस्टम को मजबूत करना भी है।
नोएडा किंग्स ने बनाए 156 रन
लखनऊ फाल्कन्स के कप्तान भुवनेश्वर कुमार ने टॉस जीतकर नोएडा किंग्स को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। भुवनेश्वर ने खुद गेंदबाजी की शुरुआत करते हुए मेडन ओवर डाला और शुरुआती दबाव बनाया। इसके बाद तेज गेंदबाज अभिनंदन सिंह ने नोएडा के मध्यक्रम को झकझोर दिया। नोएडा के सलामी बल्लेबाज शोएब सद्दीकी ने 39 गेंदों पर 48 रन बनाकर पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन लखनऊ के गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट चटकाकर नोएडा की रन गति पर अंकुश लगाया।
अभिनंदन सिंह ने 32 रन देकर 4 महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए। इस प्रदर्शन के साथ वह लीग में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए। पांच मैचों में उनके विकेटों की संख्या 13 हो गई है और उन्होंने दोबारा पर्पल कैप अपने नाम कर ली है। अजीत वर्मा ने भी 2 विकेट लेकर उनका अच्छा साथ दिया। एक समय नोएडा किंग्स का स्कोर 127 रन पर 8 विकेट था, लेकिन प्रशांत वीर ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए महज 30 गेंदों पर 4 चौकों और 5 छक्कों की मदद से नाबाद 59 रन बनाए। उनकी पारी की बदौलत नोएडा किंग्स ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 156 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।
अजीत वर्मा ने संभाली लखनऊ की पारी
157 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ फाल्कन्स की शुरुआत बेहद खराब रही। तेज गेंदबाज नमन तिवारी ने शुरुआती झटके देते हुए मोहम्मद सैफ और हिमांशु सिंह को पवेलियन भेज दिया। इसके बाद प्रथम गुप्त रन आउट हो गए और लखनऊ का स्कोर 32 रन पर 3 विकेट हो गया। मुश्किल स्थिति में अजीत वर्मा ने मोर्चा संभाला और विप्रज निगम के साथ 61 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। गेंद से प्रभाव छोड़ने के बाद अजीत ने बल्ले से भी शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 43 गेंदों पर 4 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 59 रन की बेहतरीन पारी खेली।
लखनऊ फाल्कन्स जीत के बेहद करीब पहुंच चुकी थी और उसे अंतिम 15 गेंदों में सिर्फ 13 रन की जरूरत थी। तभी तेज बारिश के कारण मुकाबला रोकना पड़ा। इसके बाद खेल दोबारा शुरू नहीं हो सका और डीएलएस पद्धति के आधार पर लखनऊ फाल्कन्स को 12 रन से विजेता घोषित किया गया। इस जीत के साथ लखनऊ फाल्कन्स ने यूपी टी-20 लीग सीजन-4 में अपनी दूसरी जीत दर्ज की।




