लखनऊ, 24 अगस्त 2026। यूपी टी20 लीग सीजन-4 में मेरठ मावेरिक्स ने इतिहास रच दिया है। इकाना क्रिकेट स्टेडियम में सोमवार को खेले गए लीग के 16वें मुकाबले में मेरठ ने गोरखपुर लायंस को 10 विकेट से करारी शिकस्त देकर लगातार छठी जीत दर्ज की। इस जीत के साथ रंकू सिंह की कप्तानी वाली मेरठ मावेरिक्स प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई करने वाली टूर्नामेंट की पहली टीम बन गई।
बारिश के कारण मुकाबले को घटाकर 8-8 ओवर का कर दिया गया था। मैच की शुरुआत UPCA मीडिया कमेटी के चेयरमैन मोहम्मद फहीम ने टॉस और पारंपरिक घंटा बजाने की रस्म के साथ की। इस दौरान यूपी टी20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर, सदस्य संजीव कुमार सिंह, UPCA सदस्य फैसल शेरवानी और अजीज खान समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
जीशान अंसारी की फिरकी और कातिक त्यागी की 154 KMPH गेंद
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गोरखपुर लायंस को अभय प्रताप सिंह ने तेज शुरुआत दिलाई। उन्होंने 16 गेंदों पर 33 रन बनाकर पहले 3.3 ओवर में टीम का स्कोर 44 रन तक पहुंचा दिया। इसके बाद मेरठ के स्पिनर जीशान अंसारी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए गोरखपुर के मध्यक्रम की कमर तोड़ दी। जीशान ने अपने 2 ओवर के स्पेल में महज 10 रन देकर 4 विकेट झटके।
मुकाबले के आखिरी ओवर में मेरठ के तेज गेंदबाज कातिक त्यागी ने भी इतिहास रच दिया। उन्होंने प्रिंस यादव को आउट करने के लिए 154 KMPH की रफ्तार से गेंद फेंकी। यह यूपी टी20 लीग के इतिहास में अब तक की सबसे तेज गेंद रही। गोरखपुर लायंस की टीम 8 ओवर में 6 विकेट खोकर सिर्फ 91 रन बना सकी।
रंकू सिंह का तूफान, 7 गेंदों में 29 रन
92 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेरठ मावेरिक्स ने शुरुआत से ही आक्रामक तेवर दिखाए। सलामी बल्लेबाज स्वास्तिक चिकारा और अक्षय दुबे ने 4.1 ओवर में टीम का स्कोर 50 रन तक पहुंचा दिया। हालांकि 52 के स्कोर पर अक्षय दुबे चोट के कारण रिटायर्ड हर्ट हो गए। इसके बाद कप्तान रंकू सिंह क्रीज पर आए और उन्होंने आते ही गोरखपुर के गेंदबाजों पर हमला बोल दिया। रंकू ने विशाल निषाद के एक ही ओवर में 28 रन ठोककर मुकाबले को पूरी तरह एकतरफा कर दिया।
स्वास्तिक चिकारा ने 24 गेंदों पर नाबाद 44 रन की शानदार पारी खेली, जबकि कप्तान रंकू सिंह ने महज 7 गेंदों में नाबाद 29 रन जड़ दिए। मेरठ ने सिर्फ 5.1 ओवर में लक्ष्य हासिल कर 10 विकेट से शानदार जीत दर्ज की। इस जीत के साथ मेरठ मावेरिक्स ने सीजन में लगातार छठी जीत दर्ज की और वह इस सीजन में अब तक अजेय रहने वाली एकमात्र टीम है। टीम ने प्लेऑफ में जगह बनाने वाली पहली टीम बनकर टूर्नामेंट में अपनी दावेदारी और मजबूत कर दी है।





