शामली: उत्तर प्रदेश के शामली में हरियाणवी गायक अंकित बालियान की हत्या के मामले में पुलिस को अहम सुराग हाथ लगा है। वायरल फोटो और वीडियो के आधार पर चार संदिग्धों में से दो की पहचान किए जाने की जानकारी सामने आई है। दोनों संदिग्धों की तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिनमें वे बाइक पर बैठे नजर आ रहे हैं। पुलिस अब उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
सदर कोतवाली क्षेत्र में हुई अंकित बालियान की हत्या के बाद चार बाइक सवार संदिग्धों की फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इनमें से दो संदिग्ध करनाल जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं, जबकि दो अन्य के रोहतक से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस ने अभी दोनों की पहचान और नामों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। हालांकि, पुलिस से जुड़े सूत्रों के अनुसार वायरल तस्वीर में बाइक चला रहे काली टी-शर्ट पहने युवक की पहचान सत्यम के तौर पर और पीछे बैठे चेक शर्ट वाले युवक की पहचान आर्यन मान उर्फ आर्यन संधू के रूप में होने की बात सामने आई है।
हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा
इस हत्याकांड के बाद सोशल मीडिया पर गैंगस्टर जितेंद्र गोगी ग्रुप से जुड़े होने का दावा करने वाले भोलू साहपुरिया की एक पोस्ट भी सामने आई थी। पोस्ट में उसने हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया था। पुलिस इस पोस्ट की भी जांच कर रही है।
26 अगस्त को हुई थी हत्या
शामली के सदर कोतवाली क्षेत्र में 26 अगस्त की सुबह करीब 7 बजे अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। बताया गया कि चार बाइक सवार बदमाशों ने कलाकार पर गोलियां चलाईं और वारदात के बाद मौके से फरार हो गए। घटना के बाद परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन किया और जाम लगा दिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एडीजी भानु भास्कर मौके पर पहुंचे और परिजनों से बातचीत की। उन्होंने कार्रवाई के लिए चार दिन का समय मांगा, जिसके बाद जाम खुलवाया गया।
हरियाणा में लगातार दबिश दे रही पुलिस
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने 10 टीमों का गठन किया है। पुलिस की कई टीमें हरियाणा में संदिग्धों के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस के मुताबिक, मामले में सामने आए सभी संदिग्धों की तलाश की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी का प्रयास जारी है। पुलिस हत्या के पीछे की वजह, आरोपियों के आपराधिक संपर्क और घटना में उनकी भूमिका को लेकर भी जांच कर रही है।