ग्रीन पार्क स्टेडियम में रविवार रात खेले गए यूपी टी-20 लीग के 27वें मुकाबले में नोएडा सुपर किंग्स ने मेरठ मावेरिक्स को डकवर्थ-लुईस-स्टर्न (DLS) पद्धति से 5 विकेट से हराकर मुकाबला अपने नाम किया। बारिश के कारण मैच को महज 5-5 ओवर का कर दिया गया था। टॉस जीतकर मेरठ मावेरिक्स ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। मेरठ की टीम ने 5 ओवर में 7 विकेट खोकर 33 रन बनाए। स्वास्तिक चिकारा ने 14 और इशु शर्मा ने 16 रन बनाए। नोएडा की ओर से शिवा सिंह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 2 ओवर में केवल 6 रन देकर 5 विकेट झटके, जबकि प्रशांत वीर ने 2 ओवर में 16 रन देकर 2 विकेट हासिल किए।
बारिश के चलते DLS पद्धति से नोएडा सुपर किंग्स को जीत के लिए संशोधित लक्ष्य मिला। लक्ष्य का पीछा करने उतरी नोएडा की शुरुआत तेज रही। रवि सिंह ने महज 6 गेंदों पर 17 रन बनाकर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। आदित्य शर्मा ने नाबाद 10 रन बनाए। नोएडा ने 3.3 ओवर में 5 विकेट खोकर 38 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। मेरठ की ओर से नदीम ने 1 ओवर में 18 रन देकर 3 विकेट लिए, लेकिन नोएडा के बल्लेबाजों ने बारिश से प्रभावित छोटे मुकाबले में जरूरी रन तेजी से जुटा लिए। शिवा सिंह को उनके शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
रिपोर्ट:-रजत राजपूत