हैदराबाद: तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद के फलकनुमा इलाके में रविवार देर रात ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के एक नेता की हत्या कर दी गई। बदमाशों के एक समूह ने वट्टेपल्ली इलाके में उन्हें घेरकर चाकू और दरांती से हमला किया। गंभीर रूप से घायल नेता को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक की पहचान महबूब अली के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, वारदात फलकनुमा थाना क्षेत्र के वट्टेपल्ली में अलमास होटल के पास हुई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, करीब पांच से छह लोगों ने महबूब अली को घेर लिया और उन पर धारदार हथियारों से कई वार किए।
सड़क पर करीब 15 मिनट पड़े रहे
हमले में महबूब अली गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि घायल अवस्था में महबूब अली करीब 15 मिनट तक सड़क पर पड़े रहे। इसके बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। घटना की जानकारी मिलते ही फलकनुमा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस अब हमलावरों की पहचान और हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है। अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है।
हत्या की वजह अभी साफ नहीं
पुलिस का कहना है कि फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। जांच के दौरान घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस जल्द से जल्द आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
AIMIM विधायक ने परिवार से की मुलाकात
महबूब अली की हत्या के बाद स्थानीय AIMIM विधायक मोहम्मद मुबीन ने उनके परिवार से मुलाकात कर शोक जताया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से भी मुलाकात की और हत्याकांड में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। विधायक ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए घटना पर दुख जताते हुए कहा कि महबूब अली की हत्या बेहद दुखद और चौंकाने वाली है। उन्होंने तेलंगाना सरकार और हैदराबाद पुलिस से इलाके में पुलिस गश्त बढ़ाने की अपील की।
उन्होंने असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ नशीले पदार्थों और हिंसक अपराधों पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की, ताकि इलाके में लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और हत्या की वजह समेत पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।