गोवा: गोवा से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। गोवा से दिल्ली जा रही इंडिगो की फ्लाइट के एक इंजन में उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद तकनीकी खराबी आ गई। हवा में इंजन में खराबी की सूचना मिलने के बाद विमान में ‘फुल इमरजेंसी’ घोषित की गई। इसके बाद फ्लाइट को वापस गोवा के मनोहर इंटरनेशनल एयरपोर्ट (मोपा) लौटाया गया, जहां विमान ने सुरक्षित लैंडिंग की।
जानकारी के मुताबिक, इंडिगो की फ्लाइट 6E 2102 ने मंगलवार, 1 सितंबर 2026 की सुबह गोवा से दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद विमान के एक इंजन में तकनीकी समस्या सामने आई। स्थिति को देखते हुए पायलटों ने विमान को वापस मोड़ने का फैसला किया और इसे सुरक्षित रूप से मोपा एयरपोर्ट पर उतार लिया गया। विमान में कुल 229 यात्री सवार थे।
इंजन में खराबी के बाद कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग
इंडिगो ने घटना को लेकर बयान जारी कर बताया कि 1 सितंबर को नॉर्थ गोवा से दिल्ली जा रही फ्लाइट 6E 2102 में टेकऑफ के कुछ ही देर बाद तकनीकी खराबी का पता चला। एयरलाइन के अनुसार, निर्धारित स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) का पालन करते हुए संबंधित अधिकारियों को इसकी सूचना दी गई। इसके बाद पायलटों ने विमान को वापस मोड़ा और मनोहर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग कराई।
एयरलाइन ने बताया कि विमान की फिलहाल मेंटेनेंस जांच की जा रही है। जरूरी तकनीकी जांच और सभी आवश्यक मंजूरियां मिलने के बाद ही विमान को दोबारा सेवा में शामिल किया जाएगा। इंडिगो ने यात्रियों को हुई असुविधा पर खेद जताते हुए कहा कि यात्रियों को रिफ्रेशमेंट उपलब्ध कराया गया और उन्हें स्थिति के बारे में समय-समय पर जानकारी दी गई। यात्रियों को उनकी मंजिल तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक यात्रा व्यवस्था भी की गई है। एयरलाइन ने दोहराया कि यात्रियों, क्रू और विमान की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
बिलासपुर में लैंडिंग के दौरान फटा था विमान का टायर
गौरतलब है कि इससे पहले छत्तीसगढ़ के बिलासपुर एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान एक विमान का टायर फटने की घटना सामने आई थी। यह घटना दिल्ली-बिलासपुर अलायंस एयर की फ्लाइट के साथ हुई थी। जानकारी के अनुसार, विमान में 37 यात्री और 4 क्रू मेंबर सवार थे। लैंडिंग के दौरान टायर फटने से यात्रियों में अफरा-तफरी की स्थिति पैदा हो गई। हालांकि, इस घटना में किसी यात्री के घायल होने की खबर नहीं थी। एयरपोर्ट अथॉरिटी के मुताबिक, विमान में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित रूप से रनवे से बाहर लाया गया और बाद में उन्हें टर्मिनल बिल्डिंग पहुंचाया गया।