अयोध्या: राम मंदिर ट्रस्ट की एक अहम बैठक आज यानी 2 सितंबर को होने जा रही है। इस बैठक में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पहले CEO की नियुक्ति को लेकर बड़ा फैसला हो सकता है। CEO के चयन के लिए गठित सर्च कमेटी तीन नामों का पैनल ट्रस्ट को सौंप चुकी है। अब ट्रस्ट इन नामों पर मंथन के बाद किसी एक नाम पर अंतिम मुहर लगा सकता है। इसके साथ ही ट्रस्ट के खाली पदों और विभिन्न समितियों के पुनर्गठन को लेकर भी बैठक में महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाने की संभावना है।
दो चरणों में होगी ट्रस्ट की बैठक
जानकारी के मुताबिक, बैठक बुधवार को अयोध्या स्थित मणिरामदास छावनी में होगी। इसकी शुरुआत दोपहर 2 बजे से होगी। बैठक के पहले सत्र में ट्रस्टियों के तीन रिक्त पदों को भरने पर चर्चा की जाएगी। इसके बाद पूर्णकालिक महासचिव की नियुक्ति को लेकर विचार-विमर्श होगा। इसके बाद शाम करीब 4 बजे मुख्य बैठक प्रस्तावित है। इसमें धार्मिक न्यास समिति, निर्माण समिति, वित्त समिति और ऑडिट समिति समेत ट्रस्ट की मैनेजिंग कमेटी के पुनर्गठन पर चर्चा हो सकती है।
CEO पद के लिए इन नामों की चर्चा
राम मंदिर ट्रस्ट के पहले CEO को लेकर पिछले काफी समय से कवायद चल रही है। इस पद के लिए चार नाम चर्चा में बताए जा रहे हैं। इनमें एनकाउंटर स्पेशलिस्ट राजेश पांडे, बिहार के IPS अधिकारी परेश सक्सेना, यूपी कैडर के पूर्व IPS दिनेश चंद्र और पूर्व अधिकारी योगेश्वर राम मिश्रा के नाम शामिल हैं। हालांकि, इन चार नामों में से कौन से तीन नाम सर्च कमेटी द्वारा तैयार किए गए अंतिम पैनल में शामिल हैं, इसकी आधिकारिक जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। यही वजह है कि आज होने वाली बैठक को बेहद अहम माना जा रहा है।
तीन नामों में से एक पर लगेगी अंतिम मुहर
सर्च कमेटी अपनी रिपोर्ट ट्रस्ट को सौंप चुकी है। अब ट्रस्ट के सामने तीन नाम हैं और इन्हीं में से किसी एक को CEO पद के लिए चुना जा सकता है। बैठक में सहमति बनने के बाद चयनित नाम का आधिकारिक ऐलान किया जा सकता है। CEO की नियुक्ति के अलावा ट्रस्ट के तीन रिक्त ट्रस्टी पदों को भरने और पूर्णकालिक महासचिव के चयन पर भी फैसला होने की उम्मीद है। साथ ही अलग-अलग समितियों के पुनर्गठन को लेकर भी तस्वीर साफ हो सकती है।