लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बढ़ती सियासी हलचल के बीच अब राजधानी लखनऊ में समाजवादी पार्टी (सपा) के मुख्यालय के बाहर लगा एक पोस्टर चर्चा का विषय बन गया है। पोस्टर में सपा प्रमुख अखिलेश यादव की बड़ी तस्वीर के साथ लिखा है- ‘जेन-जी का जनादेश बदलेगा उत्तर प्रदेश।’ बताया जा रहा है कि यह पोस्टर सरोजिनी नगर विधानसभा क्षेत्र से केशव प्रसाद रावत की ओर से लगवाया गया है। पोस्टर सामने आने के बाद सपा की चुनावी रणनीति और खास तौर पर युवा वोटरों को लेकर पार्टी की तैयारियों पर चर्चा तेज हो गई है।
युवाओं पर सपा का बढ़ता फोकस
सपा की ओर से हाल के दिनों में युवा और छात्र वर्ग को जोड़ने की कवायद तेज की गई है। इससे पहले अखिलेश यादव ने पार्टी की फ्रंटल विंग समाजवादी छात्रसभा के पदाधिकारियों और सदस्यों के लिए नई ड्रेस लॉन्च की थी। इस दौरान छात्रसभा के कार्यकर्ता नीली टी-शर्ट, नीली जींस और लाल टोपी में नजर आए थे। पार्टी की ओर से इसे नई पीढ़ी के साथ जुड़ने की दिशा में एक कदम के तौर पर पेश किया गया।
‘नई पीढ़ी की नई सोच होती है’
अखिलेश यादव ने छात्रसभा के कार्यक्रम में कहा था कि नीला रंग बहुजन समाज के साथ-साथ विचारधारा का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी की सोच अलग और नई होती है, इसलिए पार्टी युवाओं और छात्रों के साथ सीधे संवाद बढ़ाने की तैयारी कर रही है। सपा प्रमुख ने छात्र जागरूकता अभियान शुरू करने की भी बात कही थी। इस अभियान के तहत कॉलेजों, विश्वविद्यालयों और हॉस्टलों में जाकर छात्रों से संवाद करने और उनकी समस्याओं व विचारों को समझने की योजना बताई गई थी।
2027 के लिए युवाओं को साधने की तैयारी
सपा मुख्यालय के बाहर लगाए गए नए पोस्टर को इसी युवा-केंद्रित रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। ‘जेन-जी का जनादेश’ वाला संदेश बताता है कि आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी नई पीढ़ी के मतदाताओं को अपने साथ जोड़ने पर खास जोर दे रही है। आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर सपा की ओर से और बड़े राजनीतिक कार्यक्रम देखने को मिल सकते हैं।