नई दिल्ली: मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम इन दिनों भारत दौरे पर हैं। 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने दिल्ली पहुंचे अनवर इब्राहिम ने बुधवार को लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा से मुलाकात की। इस दौरान तीनों ने साथ में नाश्ता भी किया। मुलाकात की तस्वीरें कांग्रेस की ओर से सोशल मीडिया पर साझा की गई हैं।
राहुल-प्रियंका के साथ नाश्ते की तस्वीरें आईं सामने
कांग्रेस की ओर से साझा की गई तस्वीरों में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अनवर इब्राहिम एक साथ नजर आ रहे हैं। एक तस्वीर में तीनों सहित अन्य लोग नाश्ता करते दिखाई दे रहे हैं, जबकि दूसरी तस्वीर में राहुल और प्रियंका के साथ मलेशियाई प्रधानमंत्री नजर आते हैं। एक अन्य तस्वीर में राहुल गांधी और अनवर इब्राहिम एक-दूसरे का हाथ थामे मुस्कुराते हुए दिखाई दे रहे हैं। इन तस्वीरों के सामने आने के बाद दोनों नेताओं के बीच पुराने संबंधों को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है।
पहले भी राहुल गांधी से मिल चुके हैं अनवर
अनवर इब्राहिम और राहुल गांधी की यह पहली मुलाकात नहीं है। इससे पहले 2024 में भारत की आधिकारिक यात्रा के दौरान भी मलेशियाई प्रधानमंत्री ने राहुल गांधी से मुलाकात की थी। उस समय दोनों के बीच विभिन्न मुद्दों पर बातचीत हुई थी। अनवर इब्राहिम ने गांधी परिवार के साथ अपने संबंधों को लेकर भी सकारात्मक बात कही थी और उन्हें पारिवारिक मित्र बताया था।
दिल्ली में डिनर के दौरान हिंदी गाना गाते दिखे अनवर
भारत दौरे के दौरान अनवर इब्राहिम का एक और अलग अंदाज भी देखने को मिला। दिल्ली में आयोजित एक डिनर कार्यक्रम में मलेशियाई प्रधानमंत्री हिंदी फिल्म का लोकप्रिय गीत गाते नजर आए। उन्होंने किशोर कुमार का मशहूर गाना ‘ख्वाब हो तुम या कोई हकीकत’ गाया। उनका यह अंदाज वहां मौजूद लोगों को खासा पसंद आया और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा। अनवर इब्राहिम की हिंदी सिनेमा और भारतीय संगीत में रुचि पहले भी चर्चा में रही है। यही वजह है कि डिनर कार्यक्रम में उन्हें हिंदी फिल्म का गाना गाते देखकर वहां मौजूद लोगों ने भी उनका उत्साह बढ़ाया। यह गीत 1965 में रिलीज हुई फिल्म ‘तीन देवियां’ का है। फिल्म के संगीत की जिम्मेदारी एसडी बर्मन ने संभाली थी।
BRICS सम्मेलन के लिए भारत आए हैं अनवर इब्राहिम
मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने भारत पहुंचे हैं। अपने दौरे के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात की है। ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान उनकी राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से हुई मुलाकात ने राजनीतिक हलकों में भी ध्यान खींचा है। वहीं, हिंदी गीत गाने का उनका अंदाज सोशल मीडिया पर अलग वजह से चर्चा में बना हुआ है।