गोरखपुर में भारी बारिश के बाद जलभराव को लेकर भाजपा के पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी और सांसद रवि किशन के बीच फोन पर हुई बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बातचीत के दौरान शहर में जलभराव और जलनिकासी की व्यवस्था को लेकर दोनों के बीच तीखी नोकझोंक सुनाई दे रही है। गोरखपुर में शनिवार को तेज बारिश के बाद शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। पिछले तीन दिनों से रुक-रुककर हो रही बारिश के बीच शनिवार को बारिश तेज हुई तो कई सड़कें और गलियां पानी में डूब गईं। कई घरों और दुकानों तक भी पानी पहुंचने की शिकायत सामने आई।
इसी बीच बेतियाहाता वार्ड के भाजपा पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी ने गोरखपुर के सांसद रवि किशन को फोन कर शहर में जलभराव की स्थिति की जानकारी दी। वायरल वीडियो में दोनों के बीच इसी मुद्दे पर बातचीत होती सुनाई दे रही है, जो बाद में राजनीतिक तंज तक पहुंच गई।
वीडियो में रवि किशन पार्षद से कहते सुनाई देते हैं, “का हो पार्षद जी, सपा जॉइन कई लेहला का? कईसन बोलत बाटा, सपा वाली बात क्यों कर रहे हो।”
इसके जवाब में विश्वजीत त्रिपाठी कहते हैं कि शहर में पानी भरने की शिकायत करने का मतलब यह नहीं है कि वह सपा की बात कर रहे हैं। वह पलटवार करते हुए कहते हैं, “पानी की शिकायत कर दिए तो सपा ज्वाइन कर लिए, आप क्या बसपा ज्वाइन किए हैं?” पार्षद आगे शहर में जलभराव की स्थिति का हवाला देते हुए कहते हैं कि करीब 14 साल बाद ऐसी जगहों पर भी पानी भर रहा है, जहां पहले कभी जलभराव नहीं हुआ था। वह जलनिकासी और नालों की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहते हैं कि नाले पानी की निकासी के लिए बनाए गए हैं, फिर भी शहर में ऐसी स्थिति क्यों पैदा हो रही है।
बातचीत के दौरान रवि किशन जलनिकासी व्यवस्था के संबंध में तरकुलानी और पॉम वाले रेगुलेटर के चालू होने की बात कहते हैं। इस पर पार्षद का कहना है कि अगर दोनों रेगुलेटर समय से चालू किए गए होते तो शहर में ऐसी स्थिति पैदा नहीं होती। इसी बातचीत के एक हिस्से में रवि किशन पार्षद को “ब्राह्मण देवता” कहकर शांत रहने की बात कहते हैं और बताते हैं कि वह खुद सड़कों पर निकले हैं तथा अधिकारी उनके सामने मौजूद हैं।
दूसरे वीडियो में सांसद के पहुंचने पर सवाल
इस विवाद से जुड़ा एक दूसरा वीडियो भी सामने आया है। इसमें विश्वजीत त्रिपाठी रामगढ़ ताल चौराहे पर खड़े दिखाई दे रहे हैं। वह कहते हैं कि वह पिछले करीब आधे घंटे से वहां मौजूद हैं, लेकिन सांसद का अभी तक पता नहीं है। वीडियो में पार्षद जनप्रतिनिधियों के बीच संवाद और जनता की समस्याओं को लेकर सवाल उठाते नजर आते हैं।
पहले सपा के टिकट पर चुनाव जीत चुके हैं विश्वजीत त्रिपाठी
विश्वजीत त्रिपाठी की राजनीतिक पृष्ठभूमि भी इस विवाद में चर्चा का विषय बन गई है। वह पहले समाजवादी पार्टी के टिकट पर पार्षद का चुनाव जीत चुके हैं। बाद में उन्होंने भाजपा का दामन थाम लिया। ऐसे में फोन पर हुई बातचीत में जब रवि किशन ने सपा का जिक्र किया, तो पार्षद ने जवाब में बसपा का नाम लेकर पलटवार किया। गोरखपुर में लगातार बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। नगर निगम समेत संबंधित विभागों के अधिकारी प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर जलनिकासी की व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। इसी बीच सांसद और पार्षद के बीच हुई बातचीत के वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बने हुए हैं।