नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फ्लाईदुबई की उस फ्लाइट के भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार से फोन पर बातचीत की, जिन्होंने गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद विमान को सुरक्षित लैंड कराया और उसमें सवार 174 यात्रियों की जान बचाई। बातचीत के दौरान पीएम मोदी ने स्मित मच्छार की बहादुरी, धैर्य और सूझबूझ की जमकर तारीफ की और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। बता दें कि घटना के बाद कैप्टन स्मित मच्छार को सऊदी अरब के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। इसके बाद उन्हें आगे के इलाज के लिए दुबई के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पीएम मोदी ने कहा- पूरा देश आपके लिए प्रार्थना कर रहा है
स्मित मच्छार से बातचीत की शुरुआत करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनका हालचाल पूछा। पीएम मोदी ने कहा, “अभी तबीयत कैसी है?” इसके जवाब में स्मित ने कहा, “सब ठीक है।”इसके बाद प्रधानमंत्री ने उनकी बहादुरी की सराहना करते हुए कहा, “पूरा देश आपके लिए प्रार्थना कर रहा है। महामृत्युंजय का जाप चल रहा है। आपकी हिम्मत, आपके धैर्य और आपकी सूझबूझ ने फ्रिक्शन ऑफ सेकंड में इतने निर्णय कर लिए और इतने लोगों की जान बचाई।”पीएम मोदी ने आगे कहा कि उनकी बहादुरी पर पूरे देश को गर्व है। उन्होंने कहा, “आज पूरा देश गर्व से कह सकता है कि हम हिंदुस्तानी जान लेने वाले लोग नहीं हैं, जान बचाने वाले लोग हैं।”
फ्लाईदुबई की फ्लाइट में क्या हुआ था?
दरअसल, बुधवार को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 ने इमरजेंसी सिग्नल भेजा था। इसके बाद विमान सऊदी अरब के तबुक शहर स्थित प्रिंस सुल्तान बिन अब्दुलअजीज एयरपोर्ट की ओर मुड़ गया। रिपोर्ट के मुताबिक, विमान करीब 34,000 फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था और इसके बाद इसमें तेजी से गिरावट दर्ज की गई। विमान कुछ ही समय में 17,000 फीट से अधिक नीचे आ गया।
विमान में कुल 174 यात्री सवार थे, जिनमें 27 बच्चे भी शामिल थे। इसी दौरान कॉकपिट में मौजूद को-पायलट ने कैप्टन स्मित मच्छार पर चाकू से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद स्मित मच्छार ने हिम्मत नहीं हारी। उन्होंने अपनी सूझबूझ और अनुभव का इस्तेमाल करते हुए विमान को नियंत्रित किया और उसकी सुरक्षित लैंडिंग कराई। इस तरह उन्होंने विमान में सवार 174 यात्रियों की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई।