पीलीभीत: उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में रामलीला मेले की कमेटी के हिसाब-किताब को लेकर हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। अमरिया कस्बे में सोमवार देर शाम बैठक के दौरान दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद फायरिंग हो गई। गोली लगने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव मिश्रा ने तीन लोगों की मौत की पुष्टि की है। मृतकों की पहचान 14 वर्षीय कुणाल श्रीवास्तव, अंकित गुप्ता और उनके भाई मोहित गुप्ता के रूप में हुई है। गोली लगने से घायल मोहित को गंभीर हालत में बरेली रेफर किया गया था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। चौथे घायल का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज चल रहा है।
हिसाब मांगने पर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, सोमवार देर शाम आगामी रामलीला मेले की तैयारियों और पिछले साल के आय-व्यय का हिसाब-किताब करने के लिए बैठक बुलाई गई थी। बैठक में पिछले वर्ष हुए खर्चों का ब्योरा मांगे जाने पर दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और एक पक्ष की ओर से रायफल से फायरिंग कर दी गई।
फायरिंग में कुणाल, अंकित, मोहित और एक अन्य युवक गोली लगने से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
थाने से महज 500 मीटर दूर हुई वारदात
फायरिंग की घटना अमरिया थाने से करीब 500 मीटर की दूरी पर हुई। अस्पताल पहुंचने पर सिर में गोली लगने से घायल कुणाल और कंधे में गोली लगने से घायल अंकित को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं, गंभीर रूप से घायल मोहित ने बरेली ले जाते समय दम तोड़ दिया। चौथे घायल का उपचार जारी है।
कमेटी में पद को लेकर भी चल रहा था विवाद
पुलिस के मुताबिक, अमरिया कस्बे में नवरात्रि के दौरान हर साल रामलीला का आयोजन होता है। पिछले साल मेला कमेटी के पदाधिकारी रहे अमित गुप्ता ने आगामी आयोजन और पुराने हिसाब-किताब को लेकर बैठक बुलाई थी।
बताया जा रहा है कि इस बार कमेटी में पद की दावेदारी कर रहे कौशल गुप्ता ने पिछले मेले के खर्चों पर सवाल उठाए। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। अमित गुप्ता और उनके सहयोगी कुणाल गुप्ता ने कथित तौर पर सभी सदस्यों के सामने हिसाब देने की बात कही और संयम बरतने को कहा। इसी बीच अचानक फायरिंग शुरू हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, फायरिंग करने वाले मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।