नेमरा| झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे अपने पैतृक आवास से बाहर आए। इस दौरान उन्होंने दिवंगत रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि देने के लिए राज्य के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचे लोगों से मुलाकात की। लोगों ने मुख्यमंत्री से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की और दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।
संथाली समाज के प्रतिनिधियों ने रखीं समस्याएं
मुख्यमंत्री से मुलाकात के लिए गोला प्रखंड समेत विभिन्न क्षेत्रों से संथाली समाज के लोग भी पहुंचे। प्रतिनिधिमंडल ने हेमंत सोरेन को अपने क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया और उनसे जुड़े कई आवेदन सौंपे। इस दौरान लोगों ने अपनी मांगों और स्थानीय मुद्दों पर मुख्यमंत्री का ध्यान आकर्षित किया।
पैतृक आवास के सामने बने तालाब का किया निरीक्षण
लोगों से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने पैतृक आवास के सामने स्थित तालाब का निरीक्षण किया। तालाब में फिलहाल साफ-सफाई का काम चल रहा है। इसी तालाब में दिवंगत रूपी सोरेन के दसकर्म संस्कार का आयोजन किया जाना है। आयोजन की तैयारियों के मद्देनजर यहां सफाई का काम कराया जा रहा है।
विभिन्न समाज के प्रतिनिधियों ने व्यक्त की शोक संवेदना
मंगलवार को अलग-अलग समाजों के प्रतिनिधिमंडल भी नेमरा पहुंचे और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। इस दौरान झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता विनोद किस्कू समेत कई अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।
दिवंगत रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि देने के लिए लगातार लोगों के पहुंचने का सिलसिला जारी है। इस दौरान शोक व्यक्त करने के साथ ही विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने अपनी समस्याएं भी मुख्यमंत्री के सामने रखीं।