ग्रेटर नॉएडा। उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र के नंगला श्रीगोपाल गांव में एक ही परिवार के पांच लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतकों में पति-पत्नी और उनके तीन बच्चे शामिल हैं। शनिवार सुबह सभी के शव घर के अंदर बिस्तर पर मिले। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मृतकों की पहचान महेश, उनकी पत्नी ललिता, बेटे लड्डू, बेटी मिष्टी और तीन साल के बेटे साक्षात के रूप में हुई है। एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत से गांव में मातम पसरा है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और मौत की वजह पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
सुबह देर तक नहीं खुले दरवाजे, पड़ोसियों को हुआ शक
जानकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह काफी देर तक परिवार का कोई सदस्य घर से बाहर नहीं निकला। इस पर पड़ोसियों को शक हुआ। जब वे परिवार को जगाने पहुंचे, तो घर का दरवाजा अंदर से बंद मिला। इसके बाद अंदर की स्थिति का पता चला, जहां पति-पत्नी और तीनों बच्चों के शव बिस्तर पर पड़े थे। घटना की सूचना पुलिस को 17 अक्टूबर की सुबह दी गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। एंबुलेंस के साथ फूड सेफ्टी विभाग की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मेले से लौटने के बाद खाई थी मैगी और पी थी चाय
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, परिवार शुक्रवार रात करीब 10 बजे मेला देखकर घर लौटा था। घर आने के बाद परिवार ने मैगी बनाई और चाय पी। इसके बाद सभी लोग सोने चले गए। शनिवार सुबह पांचों के मृत मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शुरुआती स्तर पर फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि परिवार के पांचों सदस्यों की मौत किस वजह से हुई। केवल नूडल्स और चाय का सेवन करने के आधार पर मौत का कारण तय नहीं किया जा सकता।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और संबंधित विभाग भी जांच में सहयोग कर रहे हैं। पांचों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस के मुताबिक, मौत की असल वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य वैज्ञानिक जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।