राजस्थान के कोटा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। कराड़िया के पास यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर एक्सप्रेसवे से नीचे खाई में जा गिरी। हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहत और बचाव दल ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला।
नियंत्रण खोने से हुआ हादसा
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बस चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद बस अनियंत्रित होकर एक्सप्रेसवे से नीचे जा गिरी। टक्कर इतनी तेज थी कि बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। क्रेन की मदद से बस को खाई से बाहर निकाला गया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
एमबीएस और न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराए गए घायल
हादसे में घायल यात्रियों को कोटा के एमबीएस अस्पताल और न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिला कलेक्टर पीयूष समारिया भी एमबीएस अस्पताल पहुंचे और घायलों के इलाज की जानकारी ली। कलेक्टर पीयूष समारिया के मुताबिक, अब तक आठ लोगों को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया है। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को आईसीयू में भर्ती कर उनका इलाज किया जा रहा है।
बताया गया है कि बस में भोपाल के 21 यात्री सवार थे। इनमें बुजुर्ग और बच्चे भी शामिल थे। सभी भोपाल से खाटूश्यामजी के दर्शन के लिए जा रहे थे, लेकिन रास्ते में यह हादसा हो गया।