कोलकाता: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में दुर्गा पूजा के दौरान एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। सप्तमी की शाम चोरबागान सार्वजनिक दुर्गोत्सव समिति के पूजा पंडाल में भारी भीड़ के बीच भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। इस हादसे में 17 लोगों की मौत की सूचना है, जबकि 35 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को कलकत्ता मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य घायलों का हाल जानने अस्पताल पहुंचे। मुख्यमंत्री ने 17 लोगों की मौत की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि मृतकों में से छह की पहचान हो चुकी है। हादसे के बाद संबंधित पूजा पंडाल को फिलहाल बंद कर दिया गया है।
बारिश के बीच बढ़ी भीड़, फिर मची भगदड़
जानकारी के मुताबिक, सप्तमी की शाम मां दुर्गा के दर्शन के लिए पंडाल में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे। इसी दौरान तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए बड़ी संख्या में लोग पंडाल के भीतर प्रवेश करने लगे। देखते ही देखते वहां भीड़ का दबाव बढ़ गया और अफरा-तफरी की स्थिति पैदा हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पंडाल में पहले से ही काफी भीड़ थी। बारिश के दौरान एक साथ बड़ी संख्या में लोगों के अंदर घुसने से हालात बिगड़ गए। इसी दौरान कुछ लोगों के गिरने और भीड़ में दबने की बात सामने आई है।
पंडाल का हिस्सा गिरने की भी आशंका
हादसे को लेकर अलग-अलग दावे सामने आ रहे हैं। एक दर्शनार्थी ने बताया कि उसने पंडाल का एक हिस्सा गिरने की बात सुनी, जिसके बाद लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इस दौरान कई लोग गिर पड़े और भीड़ में दब गए।
हालांकि, हादसा पंडाल के किसी हिस्से के गिरने से हुआ या बारिश के दौरान अचानक बढ़ी भीड़ के कारण भगदड़ मची, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
मुख्यमंत्री ने जांच के दिए निर्देश, कार्यक्रम स्थगित
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने घटना को बेहद दुखद बताया और मामले की जांच कराने की बात कही। हादसे के मद्देनजर रविवार को होने वाले सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए हैं। राज्य में शोक पालन किए जाने की भी जानकारी दी गई है।
प्रशासन ने चोरबागान सर्वजनिन दुर्गोत्सव पंडाल को फिलहाल बंद कर दिया है। हादसे से प्रभावित लोगों और उनके परिजनों की सहायता के लिए राज्य सरकार की ओर से हेल्पलाइन नंबर 18003455678 जारी किया गया है।