लखनऊ: शिवा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में मुख्य आरोपित श्रद्धा दुबे की तलाश में लखनऊ पुलिस की टीम सोमवार को उसके आवास पर पहुंची। पुलिस ने रामजी पुरम स्थित घर में श्रद्धा के पिता एसपी दुबे और सौतेली मां से पूछताछ की। करीब डेढ़ घंटे तक बंद कमरे में चली इस पूछताछ के दौरान पुलिस ने श्रद्धा के संपर्क और संभावित ठिकानों से जुड़ी जानकारी जुटाने की कोशिश की। पुलिस टीम के पहुंचने की खबर फैलते ही आसपास के लोग भी मौके पर एकत्र हो गए। इलाके में मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, श्रद्धा ने शुरुआती पढ़ाई इसी क्षेत्र में रहकर की थी।
श्रद्धा की तलाश में जुटी हैं पुलिस की कई टीमें
जानकारी के मुताबिक, शिवा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में श्रद्धा दुबे समेत अन्य आरोपितों की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं। बताया जा रहा है कि पुलिस को हाल के दिनों में श्रद्धा की लोकेशन शहर या उसके आसपास होने की आशंका थी। इसी सिलसिले में टीम उसके घर पहुंची और परिजनों से पूछताछ की। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही थी कि श्रद्धा की अपने माता-पिता से हाल में मुलाकात हुई थी या नहीं। इसके अलावा, उससे किसी तरह का संपर्क होने और उसकी संभावित गतिविधियों के बारे में भी जानकारी जुटाने की कोशिश की गई।
पूछताछ के बाद बिना कुछ बताए रवाना हुई टीम
पुलिस ने एसपी दुबे और उनकी पत्नी से किन सवालों के जवाब मांगे और पूछताछ में क्या जानकारी मिली, इस बारे में आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं बताया गया है। करीब डेढ़ घंटे बाद पुलिस टीम घर से बाहर निकली और किसी से बातचीत किए बिना रवाना हो गई। वहीं, स्थानीय पुलिस ने भी इस कार्रवाई के संबंध में जानकारी होने से इनकार किया है। फिलहाल श्रद्धा दुबे की तलाश और पूछताछ से जुड़े तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।