उत्तर प्रदेश में विधान परिषद (MLC) चुनाव के नतीजों को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है. समाजवादी पार्टी के प्रदर्शन से उत्साहित पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भारतीय जनता पार्टी पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने चुनाव परिणामों को बीजेपी के लिए बड़ा झटका बताते हुए कहा कि इस चुनाव में डबल इंजन की सरकार को डबल जीरो मिला है. अखिलेश यादव ने दावा किया कि बीजेपी की हार केवल पांच सीटों तक सीमित नहीं है, बल्कि उसका असर 50 जिलों में देखने को मिला है. उन्होंने आरोप लगाया कि सपा के उम्मीदवार जनता के समर्थन से चुनाव जीते हैं, जबकि बीजेपी ने छह सीटों पर छल के जरिए जीत हासिल की है.
अमित शाह के यूपी दौरे पर अखिलेश का तंज
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के उत्तर प्रदेश दौरे को लेकर भी अखिलेश यादव ने कटाक्ष किया. उन्होंने कहा, ‘बड़ी देर कर दी मेहरबां आते-आते.’ सपा अध्यक्ष ने दावा किया कि अमित शाह के आने से बीजेपी के भीतर चल रही खींचतान और खुलकर सामने आएगी. उन्होंने कहा कि पार्टी में भगदड़ मचेगी और आगामी चुनाव में बीजेपी के लिए उम्मीदवारों का संकट खड़ा हो सकता है. अखिलेश ने कहा कि महिलाओं ने इस चुनाव में बड़ी संख्या में मतदान किया है. उन्होंने सपा की बढ़ती राजनीतिक ताकत का जिक्र करते हुए दावा किया कि पार्टी का ग्राफ लगातार ऊपर जा रहा है और आने वाले समय में समाजवादी पार्टी रिकॉर्ड जीत दर्ज करेगी. उन्होंने यह भी संकेत दिया कि चुनाव के बाद कई अधिकारियों पर कार्रवाई की गाज गिर सकती है.
27 हजार स्कूल बंद और शराब के ठेके खोलने का आरोप
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश यादव ने शिक्षा और शराब की दुकानों को लेकर भी सरकार को घेरा. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में करीब 27 हजार स्कूल बंद किए जा रहे हैं, जबकि दूसरी ओर 27 हजार शराब के ठेके खुलवाने की तैयारी है. UGC लागू करने को लेकर अमित शाह के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए सपा प्रमुख ने कहा कि UGC को लागू करने के बजाय शिक्षा व्यवस्था से जुड़े बुनियादी सवालों पर ध्यान दिया जाना चाहिए. उन्होंने महिला आरक्षण के मुद्दे पर भी बीजेपी को घेरा. अखिलेश ने कहा कि महिला आरक्षण विधेयक पारित होने के बावजूद महिलाओं को वास्तविक आरक्षण का लाभ नहीं मिल पाया है.
1 नवंबर की विपक्षी रैली में शामिल होंगे अखिलेश
अखिलेश यादव ने बताया कि वह 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली विपक्ष की रैली में शामिल होंगे. इस दौरान उन्होंने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए और मतदाता सूची में सुधार की जरूरत बताई. सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि वोटर लिस्ट में कई मतदाताओं की तस्वीरें इतनी अस्पष्ट हैं कि उनकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है. उन्होंने चुनाव प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाने के लिए आधार कार्ड, मेटल कार्ड और बायोमेट्रिक व्यवस्था जैसे विकल्पों पर विचार करने की मांग की.
‘बीजेपी 5 नहीं, 50 जिलों में हारी है’
MLC चुनाव के परिणामों पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी केवल सीटों की गिनती तक अपनी हार को सीमित दिखा रही है, जबकि जमीनी स्तर पर उसे बड़ा नुकसान हुआ है. उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान सपा कार्यकर्ताओं को रातभर संघर्ष करना पड़ा और जनता ने कथित